किच्छा: नाबालिग छात्रा बरामद, तीन गिरफ्तार
किच्छा, अमृत विचार। घर से स्कूल गई कक्षा आठ की छात्रा को दूसरे समुदाय के युवक द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने छात्रा को बरामद करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक साथी फरार बताया जा रहा है। छात्रा को पुणे ले जाया गया …
किच्छा, अमृत विचार। घर से स्कूल गई कक्षा आठ की छात्रा को दूसरे समुदाय के युवक द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने छात्रा को बरामद करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनका एक साथी फरार बताया जा रहा है। छात्रा को पुणे ले जाया गया था लेकिन पुलिस के वहां पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी उसे लेकर किच्छा लौट आए।
कोतवाली परिसर में सीओ ओमप्रकाश शर्मा ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि शहर निवासी नाबालिग छात्रा के पिता ने बीती 14 मार्च को अपनी पुत्री की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पीड़ित पिता के अनुसार उनकी पुत्री 14 मार्च की सुबह स्कूल गई थी लेकिन इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई।
सीओ ने बताया कि जांच अधिकारी एसआई राजेंद्र पंत की गई जांच में यह बात सामने आई कि छात्रा किसी युवक के साथ पुणे में है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम पुणे पहुंची लेकिन वहां पहुंचकर पता चला कि छात्रा सहित अन्य लोग पुलिस के आने की सूचना पर किच्छा लौट गए हैं। नये सिरे से पुलिस ने किच्छा में छात्रा की तलाश की। इस बीच मुखबिर की सूचना पर नाबालिग छात्रा सहित तीन आरोपियों को दरऊ चौराहे के निकट से दबोच लिया गया।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि 14 मार्च को वार्ड 8 गैस एजेंसी मोहल्ला किच्छा निवासी फैजल उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ बहेड़ी ले गया था, जहां आरोपी फैजल ने उसे तालिब के सुपुर्द कर दिया। उसके बाद आरोपी तालिब के चाचा मुरादाबाद निवासी तौफीक उसे मुरादाबाद ले गए और ट्रेन से उसे पुणे पहुंचा दिया। आरोप है कि वहां आरोपी तालिब ने नाबालिग छात्रा के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
सीओ ने बताया कि आरोपी तालिब द्वारा पीड़िता से जबरन शारीरिक संबंध बनाने तथा फैजल व तौफीक के द्वारा नाबालिग को भगाने में मदद करने का मामला प्रकाश में आने के बाद आरोपियों पर संबंधित धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी वार्ड 8 रजा मस्जिद के निकट (किच्छा) निवासीगण आरोपी तालिब कुरेशी व फैजल एवं वार्ड 8 पंत कॉलोनी निवासी तौफीक को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, पंत कॉलोनी निवासी आरोपी फरदीन की तलाश की जा रही है।
इधर, पुलिस द्वारा घटना का तीन दिन के भीतर खुलासा करने पर शहर के गणमान्य लोगों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस टीम को सम्मानित किया और प्रोत्साहन राशि भेंट कर पुलिस का आभार जताया। गणमान्य लोगों ने सीओ ओमप्रकाश शर्मा, कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित पूरी टीम को शॉल बोढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान छात्रा के परिजनों ने 11 हजार रुपये तथा निवर्तमान विधायक ने 11 हजार की धनराशि पुलिस टीम को भेंट की। वहां व्यापारी नेता प्रमोद ठुकराल, नरेश कश्यप, प्रेम भट्ट, सचिन चावला, ठाकुर महेंद्र पाल सिंह, सचिन चरण, धर्मपाल सिंह, सुभाष तनेजा, मनमोहन सक्सेना, अतुल त्यागी आदि थे।
ये रहे पुलिस टीम में मौजूद
सीओ सितारगंज वंदना वर्मा, सीओ यातायात ओमप्रकाश, कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह, एसएसआई शंकर सिंह रावत, एसआई राजेंद्र पंत, एसआई पंकज कुमार, एसआई गौरव जोशी, एसआई दीपक जोशी, एसआई बबीता टम्टा, एसआई विकास चौधरी (एसओजी सर्विलांस टीम), कांस्टेबल भूपेंदर, राजीव कुमार, प्रमोद जोशी, विजय कुमार, दीपक बोरा, जगमोहन सिंह, गंगा सिंह, सोनिया, खष्टी पाठक और रेखा आर्य।
