गरमपानी: कोसी नदी में नहाते वक्त डूबा नेपाल का मजदूर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गरमपानी,अमृत विचार।  कोसी नदी की गहराई का सही अंदाजा न होना नेपाली मूल के श्रमिक को भारी पड़ गया। साथियों के साथ नदी में नहाने उतरा श्रमिक डूब गया। हालांकि साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया। बमुश्किल गहराई से निकाल बाहर लाया गया पर तब तक श्रमिक ने दम तोड़ दिया। श्रमिक कुछ माह …

गरमपानी,अमृत विचार।  कोसी नदी की गहराई का सही अंदाजा न होना नेपाली मूल के श्रमिक को भारी पड़ गया। साथियों के साथ नदी में नहाने उतरा श्रमिक डूब गया। हालांकि साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया। बमुश्किल गहराई से निकाल बाहर लाया गया पर तब तक श्रमिक ने दम तोड़ दिया। श्रमिक कुछ माह पहले ही निर्माणाधीन रानीखेत पुल पर कार्य करने आया था।

अल्मोड़ा- नैनीताल जनपद की सीमा पर कोसी नदी पर निर्माणाधीन सेतू पर बतौर श्रमिक कार्यरत पालडी गांव, जिला बैतड़ी (नेपाल) निवासी गणेश राम (50) पुत्र नेफर राम शनिवार को अपने साथी जोगा राम तथा जीवन सिंह के साथ निर्माणाधीन पुल के समीप ही नदी में नहाने पहुंचा। साथियों के अनुसार गणेश राम नदी के बीचों-बीच नहाने उतर गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता गणेश नदी की गहराई में डूबता चला गया तथा नदी की गहराई में समा गया। साथियों के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोगों ने गणेश को नदी से बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना राजस्व पुलिस भुजान तथा खैरना चौकी भी भेजी गई। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी भेज दी गई है। सूचना पर नायब तहसीलदार दिलीप सिंह मौके पर पहुंचे। राजस्व पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

नदी में डूबकर हो चुकी हैं कई मौतें
कोसी नदी में पहले भी कई मौते हो चुकी है। गहराई व भंवर का सही अंदाजा न होने से लोग नदी में उतर जाते है और जानलेवा घटना सामने आ जाती है। क्षेत्रवासियों ने नदी क्षेत्र में खतरनाक स्थानों पर आवाजाही प्रतिबंधित करने की मांग उठाई है।

संबंधित समाचार