किच्छा: दहेज उत्पीड़न में पति समेत चार के खिलाफ केस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किच्छा, अमृत विचार। विवाह के 3 वर्ष बाद तलाक देते हुए विवाहिता को डेढ़ वर्षीय पुत्र के साथ घर से निकालने के मामले में पुलिस ने पति सहित चार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में सिसई बंडिया, थाना किच्छा निवासी शमा पुत्री साबिर ने कहा …

किच्छा, अमृत विचार। विवाह के 3 वर्ष बाद तलाक देते हुए विवाहिता को डेढ़ वर्षीय पुत्र के साथ घर से निकालने के मामले में पुलिस ने पति सहित चार के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली पुलिस को दी शिकायत में सिसई बंडिया, थाना किच्छा निवासी शमा पुत्री साबिर ने कहा कि करीब 3 वर्ष पूर्व उसका निकाह मुस्लिम रीति रिवाज से इंदिरा नगर बड़ी मस्जिद, हल्द्वानी निवासी कफील पुत्र शकील के साथ हुआ था। पीड़िता के अनुसार निकाह में उसके माता-पिता ने अपने सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज दिया था तथा विवाह के बाद उसने एक पुत्र को जन्म दिया, जो कि वर्तमान में करीब डेढ़ वर्ष का है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि विवाह में दिए गए दान दहेज से पति कफील, ससुर शकील, सास मुन्नी एवं देवर वसीम खुश नहीं थे और आए दिन प्रताड़ित करते थे।

पीड़िता ने ससुरालियों पर आए दिन मारपीट करने तथा घर से निकाल देने का भी आरोप लगाया। शिकायत में पीड़िता शमा ने कहा कि 17 मार्च को उसने अपने माता-पिता को फोन कर मामले की जानकारी दी। जब उसका भाई नाजिम अहमद, मामा शौकत अली सहित अन्य रिश्तेदार उसके ससुराल पहुंचे तो रिश्तेदारों के सामने ही पति कफील ने उसे तलाक दे दिया।

जिसके बाद पीड़िता अपने भाई के साथ किच्छा आ गई। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसके पति का कफील का पूर्व में भी निकाह हो चुका है तथा उसकी एक पुत्री भी है। पीड़िता ने पति एवं ससुरालियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार