बाजपुर: वन टीम पर हमला कर डंपर छुड़ा ले गए माफिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। अवैध खनन रोकने गई वन टीम पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। आरोप है कि वन कर्मियों के साथ मारपीट करके माफिया जबरन डंपर छुड़ा ले गए। पुलिस ने वन कर्मी की तहरीर में नामजद चार लोगों के साथ ही सात-आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। बन्नाखेड़ा वन …

बाजपुर, अमृत विचार। अवैध खनन रोकने गई वन टीम पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। आरोप है कि वन कर्मियों के साथ मारपीट करके माफिया जबरन डंपर छुड़ा ले गए। पुलिस ने वन कर्मी की तहरीर में नामजद चार लोगों के साथ ही सात-आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

बन्नाखेड़ा वन क्षेत्र में तैनात ग्राम टांडा अमीचंद निवासी बीट वाचर गुरमीत सिंह पुत्र पाला सिंह ने तहरीर में कहा है कि बंजारी गेट नंबर-11 पिचिंग के नजदीक कोसी नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रालियों व डंपर में खनन सामग्री भरी जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने पर वन कर्मियों ने वन रेंज के उच्चाधिकारियों को सूचित किया। वन टीम वहां पहुंची तो देखा कि वहां बेधड़क अवैध खनन किया जा रहा है। वन टीम को आता देख वहां अफरातफरी मच गई और खनन माफिया वाहनों को लेकर इधर-उधर को भागने लगे।

वन कर्मियों ने किसी तरह घेराबंदी करके अवैध में लिप्त एक डंपर को पकड़ लिया। आरोप है कि इसी बीच मुंह पर कपड़ा बांधे ग्राम गुलजारपुर खत्ता निवासी राजा सिंह, हरविंदर सिंह, लवप्रीत सिंह उर्फ लब्बू, अनमोल अपने सात-आठ अन्य साथियों के साथ वहां आ धमके और डंपर छुड़ाने के लिए हमलावर हो गए। वे गाली-गलौज व धक्का-मुक्की करके जबरन डंपर छुड़ाकर भाग गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चार नामजदों के साथ ही सात-आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वन टीम में बीट वाचर गुरमीत सिंह, गुरवचन सिंह, मलकीत सिंह आदि शामिल थे।

संबंधित समाचार