शिवपाल यादव व पल्लवी पटेल को सपा ने अपना विधायक मानने से किया इंकार तो भड़के प्रसपा अध्यक्ष, जानें क्या कहा?
लखनऊ। सपा गठबंधन में शामिल शिवपाल सिंह यादव और पल्लवी पटेल को सपा ने अपना विधायक मनाने से इंकार कर दिया है। दोनों नेताओं को सपा विधायक दल की बैठक में नहीं बुलाया गया। जबकि दोनों नेताओं ने सपा के चिन्ह पर चुनाव लड़ा और जीता। इधर, बैठक में न बुलाये जाने के कारण शिवपाल …
लखनऊ। सपा गठबंधन में शामिल शिवपाल सिंह यादव और पल्लवी पटेल को सपा ने अपना विधायक मनाने से इंकार कर दिया है। दोनों नेताओं को सपा विधायक दल की बैठक में नहीं बुलाया गया। जबकि दोनों नेताओं ने सपा के चिन्ह पर चुनाव लड़ा और जीता। इधर, बैठक में न बुलाये जाने के कारण शिवपाल नाराज हो गए हैं। इस पर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अगला कदम जल्द ही बताऊंगा।
इसके बाद वह लखनऊ से इटावा के लिए रवाना हो गए। माना जा रहा है कि उनके इस बयान से गठबंधन की गांठ खुलती दिख रही है। जबकि अभी पल्लवी पटेल की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि सपा का कहना है कि भले ही उन्होंने पार्टी चिन्ह पर चुनाव लड़ा है लेकिन वह गठबंधन का हिस्सा है, उनकी बैठक 28 मार्च को बुलायी जाएगी।
राजधानी में सपा के प्रदेश कार्यालय में शनिवार को नवनिर्वाचित विधायकों की पहली बैठक बुलाई गई थी, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाना था। इसके लिए पार्टी के सभी विधायकों के पास फोन गया था लेकिन शिवपाल सिंह यादव और पल्लवी पटेल के पास कोई फोन नहीं गया और न उन्हें बैठक में बुलाया गया। इस पर शिवपाल ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सभी विधायकों को पार्टी कार्यालय से फोन किया गया, लेकिन मुझे कोई फोन नहीं आया। मैं सपा के विधायकों की बैठक में नहीं जा रहा हूं। मैं अब लखनऊ से सीधा इटावा जा रहा हूं।
इधर, विधानसभा चुनाव से अखिलेश यादव ने अपना दल (कमेरावादी) से गठबंधन किया था। हालांकि इस दल की अध्यक्ष कृष्णा पटेल की बेटी पल्लवी पटेल ने सपा के चिन्ह पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के खिलाफ सिराथू सीट से चुनाव लड़ा था और उन्हें हराया था।
ऐसे में सैद्धांतिक तौर पर शिवपाल सिंह यादव और पल्लवी पटेल दोनों ही सपा की विधायक हुए लेकिन उन्हें विधायक दल की बैठक में नहीं बुलाया गया था। फिलहाल पल्लवी पटेल की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। जबकि शिवपाल सिंह यादव की नाराजगी को लेकर सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि सहयोगी दलों को 28 मार्च को बुलाया जाएगा। उनका अपना अलग दल है।
यह भी पढ़ें:-उन्नाव: नन्हें कलाकारों ने बढ़ाया जिले का गौरव, मुख्य सचिव ने किया सम्मानित
