हल्द्वानी: 11 साल में रिटायर्ड फौजी को लगाई 30 लाख की चपत, बीमा एजेंट बनकर ठगा
हल्द्वानी, अमृत विचार। बीमा एजेंट बनकर दो जालसाजों ने एक सेवानिवृत्त फौजी को लाखों रुपए की चपत लगा दी। पिछले 11 सालों से फौजी को चपत लगा रहे दो शातिरों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अमरावती कालोनी निवासी चन्द्रबल्लभ सनवाल पुत्र कृष्णानन्द सनवाल ने पुलिस को बताया कि वह भारतीय …
हल्द्वानी, अमृत विचार। बीमा एजेंट बनकर दो जालसाजों ने एक सेवानिवृत्त फौजी को लाखों रुपए की चपत लगा दी। पिछले 11 सालों से फौजी को चपत लगा रहे दो शातिरों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
अमरावती कालोनी निवासी चन्द्रबल्लभ सनवाल पुत्र कृष्णानन्द सनवाल ने पुलिस को बताया कि वह भारतीय तल सेना से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2010 में अभिषेक अग्रवाल ने उनके घर भारद्वाज नाम के व्यक्ति को इंश्योरेंस एजेंट बनाकर भेजा। जिसने इंश्योरेंस के कागज भरवाए और उसी वक्त इंश्योरेंस के 90 हजार रुपए ले लिए। जाते वक्त कहा कि वह जल्द ही इंश्योरेंस बांड दे देगा। यह भी कहा कि बाकी की बात अभिषेक अग्रवाल करेंगे। चन्द्रबल्लभ को बांड तो नहीं मिला, लेकिन वह बीमा की किस्तें निरंतर भरते रहे। जिस खाते में बीमा की किस्तें जमा की जा रही थीं, वह बैंक खाता भी चन्द्र बल्लभ को अभिषेक ने दिया था।
कुछ समय बाद चन्द्रबल्लभ ने अभिषेक अग्रवाल से पॉलिसी का बांड मांगा और अभिषेक टाल-मटोल करने लगा। धमकी देता था कि यदि पॉलिसी की किस्तें जमा नहीं की तो आज तक जमा की गई धनराशि भी जब्त हो जाएगी। चन्द्रबल्लभ किस्तें जमा करते रहे और उन्होंने इस प्रकार 30,00,000 रुपए जमा कर दिए, लेकिन बांड नहीं मिला। जिसके बाद वह कोतावाली पुलिस के पास पहुंचे। कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
