”अयोध्या की बिटिया न्याय संघर्ष समिति” का ऐलान, मासूम बच्ची को न्याय दिलाने के लिए संसद तक करेंगे संघर्ष
अयोध्या। मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर “अयोध्या की बिटिया न्याय एवं संघर्ष समिति” के बैनर तले लोगों ने तिकोनिया पार्क में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को 6 सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया। संगठन के प्रमुख महेश मिश्र ने बताया कि आंदोलन को और तेज किया …
अयोध्या। मासूम बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म की घटना को लेकर “अयोध्या की बिटिया न्याय एवं संघर्ष समिति” के बैनर तले लोगों ने तिकोनिया पार्क में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को 6 सूत्रीय ज्ञापन भी सौंपा गया। संगठन के प्रमुख महेश मिश्र ने बताया कि आंदोलन को और तेज किया जाएगा। दुष्कर्म पीड़िता बालिका को न्याय दिलाने के लिए सड़क से लेकर संसद तक संघर्ष किया जाएगा।
6 सूत्रीय ज्ञापन में कहा गया कि निश्चित रूप से अयोध्या की बिटिया के साथ दुष्कर्म की घटना सभ्य समाज के माथे पर कलंक के समान है। इस घटना ने अयोध्या की आत्मा को घायल किया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए वह बेहद कम है। दुष्कर्म पीड़िता बालिका को न्याय दिलाने हेतु गठित अयोध्या की बिटिया न्याय संघर्ष समिति के तत्वावधान में निम्न बिंदुओं की मांग करते हुए हम आपसे मांग करते हैं कि जांच निष्पक्ष हो। मूल अपराधी जल्द से जल्द पकड़े जाएं। अन्य जांच एजेंसियों की सहायता ली जाए।
अपराधियों की सहायता करने वाले लोगों की भी धरपकड़ की जाए और उन्हें कठोरतम दंड प्रदान किया जाए। दुष्कर्म पीड़िता बालिका के परिवार वालों को 50 लाख का मुआवजा दिया जाए। साथ ही बिटिया जब तक पूर्ण रूप से स्वावलंबी ना बन जाए तब तक उसके संपूर्ण खर्चे और सुविधाओं की जिम्मेदारी प्रशासन अथवा राज्य सरकार उठाए। प्रत्यूष सनातन, मनीष पांडेय, महेश मिश्र, सौरभ त्रिपाठी, भारती सिंह, रोही खान सुनील यादव, प्रतिभा सिंह, दिनेश कुमार अनिल कुमार, कमलापति सहित बड़ी संख्या में लोग एकत्रित रहे।
यह भी पढ़ें:-हल्द्वानी: हिंदू नववर्ष के स्वागत को वैदिक यज्ञ का आयोजन, खुशहाली की कामना के साथ दी आहूति
