देहरादून: FB पर दोस्ती पड़ी भारी, पैसे भी गये, प्रताड़ना मिली सो अलग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

देहरादून, अमृत विचार। एक युवक को अनजान लड़की से फेसबुक पर दोस्ती करने पर न सिर्फ 76 हज़ार रुपये की चपत लग गयी बल्कि कथित लड़की की टीम ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। परेशान होकर युवक ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी है। ठगी और ब्लैकमेलिंग का यह मामला पटेल नगर …

देहरादून, अमृत विचार। एक युवक को अनजान लड़की से फेसबुक पर दोस्ती करने पर न सिर्फ 76 हज़ार रुपये की चपत लग गयी बल्कि कथित लड़की की टीम ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित भी किया। परेशान होकर युवक ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज करायी है।

ठगी और ब्लैकमेलिंग का यह मामला पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र का है। मोथरोवाला के रहने वाले युवक ने पुलिस को बताया कि बीती 13 मार्च को उसकी फेसबुक आईडी पर मनीषा राय नाम की लड़की की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी, जिसे उसने एक्सेप्ट कर लिया था।

इसके बाद दोनों के बीच फेसबुक पर बातचीत शुरू हुई। इस दौरान कथित मनीषा राय ने युवक से उसका व्हाट्सएप नंबर मांगा और युवक ने दे दिया।युवक के मुताबिक मनीषा ने उसे व्हाट्सएप पर वीडियो कॉल की और अपनी अश्लील वीडियो दिखाकर युवक की भी अश्लील वीडियो बना कर रिकॉर्ड कर ली। इसके बाद मनीषा युवक को उसकी अश्लील वीडियो क्लिप वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगी।

युवक के मुताबिक 15 मार्च को उसे एक कॉल आयी और कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को साइबर इंस्पेक्टर बताकर कहा कि विजय प्रकाश सिंह नाम के व्यक्ति ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। फर्जी साइबर इंस्पेक्टर ने कहा कि लड़की ने उनका अश्लील वीडियो यूट्यूब, फेसबुक पर अपलोड किया है। यदि वो अश्लील वीडियो यूट्यूब से हटाना चाहते हैं तो इसके लिए राहुल शर्मा नाम के व्यक्ति से संपर्क करें वो इसमें उसकी मदद करेगा।

युवक ने राहुल शर्मा को कॉल किया और अपनी अश्लील वीडियो यूट्यूब से हटाने की मांग की। युवक के मुताबिक राहुल शर्मा ने इसके लिए उससे पैसों की मांग की। युवक ने कुल मिलाकर तीनों खातों में अलग-अलग करीब 76 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिये थे।

युवक ने बताया कि इसके बाद भी उनका खेल खत्म नहीं हो रहा था। वे बार-बार उसे फोन पर ब्लैकमेल कर रहे थे और उससे और पैसों की मांग कर रहे थे। आखिर में परेशान होकर युवक ने थाना नेहरू कॉलोनी और उसके बाद साइबर क्राइम पुलिस को इस मामले की लिखित शिकायत की। पुलिस ने इस मामले में आरोपी विजय प्रकाश, मनीषा राय और खुद को यूट्यूब एडमिनिस्ट्रेशन का बताने वाले राहुल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तीनों लोगों के मोबाइल नंबर के आधार पर उनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई जारी है।

 

संबंधित समाचार