मुरादाबाद : मस्जिद की दीवारों पर भगवा ध्वज लगाने की अफवाह, पोस्ट वायरल होने पर पुलिस ने दी चेतावनी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद,अमृत विचार। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट ने सोमवार को हंगामा खड़ा कर दिया। इस पोस्ट में कुछ लोगों ने एक वीडियो अपलोड करते हुए दावा किया था कि आरएसएस के पथसंचलन के दौरान एक मस्जिद की दीवारों पर भगवा ध्वज लगा दिया गया है। इस पोस्ट के सार्वजनिक होते ही प्रतिक्रिया …

मुरादाबाद,अमृत विचार। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक पोस्ट ने सोमवार को हंगामा खड़ा कर दिया। इस पोस्ट में कुछ लोगों ने एक वीडियो अपलोड करते हुए दावा किया था कि आरएसएस के पथसंचलन के दौरान एक मस्जिद की दीवारों पर भगवा ध्वज लगा दिया गया है। इस पोस्ट के सार्वजनिक होते ही प्रतिक्रिया की बाढ़ आ गई। आनन फानन में हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच की। पता चला कि ध्वज मस्जिद की दीवारों पर नहीं, बल्कि आसपास के खंभों पर लगा था। इसके लिए कंजरी सराय स्थित बटन वाली मस्जिद के मौलवी से अनुमति भी ली गई थी।

पुलिस ने बताया कि रविवार को आरएसएस का पथ संचालन हुआ था। इस दौरान विभिन्न सड़कों पर भगवा झंडियां लगाई गई थीं। इसी कड़ी में कंजरी सराय स्थित बटन वाली मस्जिद की गली में भी कई जगह झंडियां लगाई गईं थी। रविवार की शाम को किसी स्थानीय व्यक्ति ने इन झंडियों का वीडियो बनाकर ट्विटर पर अपलोड कर दिया। इसमें लिखा कि ये झंडियां मस्जिद की दीवारों पर लगाई गई हैं। चूंकि रमजान और नवरात्रि का समय चल रहा है। ऐसे में आशंका थी कि इस पोस्ट से सांप्रदायिक बवाल खड़ा हो सकता है।

हालात को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और आनन फानन में कोतवाली थाना प्रभारी को मौके पर भेज कर मामले की जांच कराई गई। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि ये झंडियां मस्जिद की दीवारों पर नहीं, बल्कि आसपास लगे बिजली के खंभों पर लगाई गई थीं। इसके लिए भी मस्जिद के मौलवी की अनुमति ली गई थी। इस रिपोर्ट के बाद पुलिस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों को वास्तविकता से अवगत कराते हुए उन्हें इस तरह की पोस्ट नहीं करने की हिदायत दी। चेतावनी दी कि इससे दंगा भड़क सकता है। ऐसे हालात में उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। पुलिस की चेतावनी के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने अपने सभी पोस्ट डिलीट कर दिए हैं।

ये भी पढ़ें : फेसबुक पर बनाया महिला का फर्जी अकाउंट, मोबाइल नंबर किया सार्वजनिक

संबंधित समाचार