बिजनौर: बोर्ड परीक्षा के छात्रों की बाइक में कार ने मारी टक्कर, एक की मौत, दो घायल
बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई जिसमें एक परीक्षार्थी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। धामपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव हताई शेख निवासी …
बिजनौर/नूरपुर, अमृत विचार। बोर्ड परीक्षा देने जा रहे छात्रों की बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई जिसमें एक परीक्षार्थी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गये। जिन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
धामपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव हताई शेख निवासी अब्दुल्ला पुत्र शफायत, मुस्तलीन पुत्र कलुआ व अफजाल पुत्र वकार गांव के ही एमएस पब्लिक स्कूल में इंटर में पढ़ते हैं। सोमवार की सुबह तीनों बाइक से परीक्षा केंद्र मोरना में यूपी बोर्ड की पहली पाली की परीक्षा देने जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नूरपुर धामपुर मार्ग पर ऊमरी स्थित पोखर की पुलिया के सामने नूरपुर की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिसके परिणामस्वरूप अब्दुल्ला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के अनुसार परिजनों ने घटना में कोई कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया। वहीं दोनों घायलों को धामपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
साइकिल और बाइक की भिड़ंत में एक की मौत, दूसरा गंभीर
नूरपुर। नूरपुर-चांदपुर मार्ग पर सोमवार की दोपहर में गांव आजमपुर के पास गांव का ही साइकिल सवार मनोज सैनी 35 वर्ष पुत्र सीताराम बाइक की टक्कर से घायल हो गया, उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे बिजनौर रेफर कर दिया गया। उपचार के लिए ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। उधर घटना में बाइक चालक हर्ष पुत्र जोगराज निवासी गांव रोशनपुर जागीर घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में मृतक परिवार की ओर से मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
