उत्तराखंड: गन्ना किसानों को 45 दिन के भीतर मिलेगा 360 करोड़ बकाया: सौरभ बहुगुणा
नैनीताल, अमृत विचार। उत्तराखंड को 2030 तक देश का सर्वश्रेष्ठ पहाड़ी राज्य बनाने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। इसके लिए प्रदेश के बच्चों को अच्छी गुणवत्ता का दूध सही दाम पर उपलब्ध करवाया जाएगा। राज्य में गन्ना किसानों का 360 करोड़ बकाया भुगतान 45 दिन के भीतर करने के आदेश अधिकारियों …
नैनीताल, अमृत विचार। उत्तराखंड को 2030 तक देश का सर्वश्रेष्ठ पहाड़ी राज्य बनाने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। इसके लिए प्रदेश के बच्चों को अच्छी गुणवत्ता का दूध सही दाम पर उपलब्ध करवाया जाएगा। राज्य में गन्ना किसानों का 360 करोड़ बकाया भुगतान 45 दिन के भीतर करने के आदेश अधिकारियों को दिए गए हैं।
इसके अलावा कौशल विकास को नए स्तर पर पहुंचाने के लिए सरकार तेजी से प्रयास कर रही है। जिसके परिणाम जल्द ही प्रदेश में नजर आएंगे। यह बातें कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने नैनीताल में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहीं।
मंगलवार को नैनीताल पहुंचे कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा का नैनीताल क्लब में कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर सौरभ बहुगुणा ने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को सबसे अधिक महत्व दिया जाता है। यही हमारी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को सार्वजनिक रूप से अपना नंबर दिया और कहा कि जब भी कोई जरूरत हो सीधे मुझे फोन करें। इस दौरान क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने गन्ना किसानों के हित में सबसे आगे है। उत्तर प्रदेश से पांच रुपये अधिक गन्ना मूल्य दिया जा रहा है। उन्होंने युवाओं के पशुपालन को लेकर रूचि कम दिखाने पर चिंता जताई। पर हम ऐसी योजना तैयार कर रहे हैं जिससे कि युवाओं को अधिक से अधिक इस दिशा में लगाया जा सके।
इसके अलावा प्रदेश में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सरकार जल्द ही ठोस नीति बनाने जा रही है। नैनीताल विधायक सरिता आर्य ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें विधायक बनाया है। कांग्रेस ने केवल लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा दिया। पर इस नारे को भाजपा के कार्यकर्ताओं व मजबूत पार्टी नेतृत्व ने साकार किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि जिस तरह से नैनीताल जिले में भाजपा ने चुनावों में अपना प्रदर्शन किया है। उससे कार्यकर्ताओं का जोश चरम पर है।
उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता जनता की समस्याओं के समाधान के लिए भी सक्रिय रहें जिससे कि आने वाले लोकसभा चुनावों में इस प्रदर्शन को दोबारा दोहराया जा सके। इस दौरान नगर अध्यक्ष आनंद बिष्ट, प्रदीप जनौटी, प्रताप बिष्ट, गोपाल रावत, मोहन नेगी, अरविंद पडियार, दयाकिशन पोखरिया, मोहित रौतेला, भावना मेहरा, दया बिष्ट, विमला अधिकारी, रीना मेहरा, जीवंती बिष्ट, मोहित साह, हरीश भट्ट समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा कार्यकर्ता बना रहे विधायक से दूरी
अमूमन नैनीताल में भाजपा के कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति काफी अधिक रहती है पर सरिता आर्य के विधायक बनने के बाद से पार्टी के कुछ स्थानीय पदाधिकारी लगातार उनसे दूरी बनाने की कोशिश कर रहे हैं। मंगलवार को हुए कार्यक्रम के दौरान भी नैनीताल से अधिक भवाली, गरमपानी व बेतालघाट के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिस पर जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट को भी कहना पड़ा कि फोटो खींचकर कार्यक्रम से न जाएं, बल्कि पूरे कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज करवाना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को मंत्री सौरभ बहुगुणा व विधायक सरिता आर्य ने सम्मानित किया।
