उन्नाव: पंचायत सचिवों पर नकेल कसने की शुरू हुई कवायद, सीडीओ बोले- एक सप्ताह में दुरुस्त करायें दस्तावेज
उन्नाव। ग्राम पंचायत स्तर पर यदि सचिव व ग्राम प्रधानों की सांठगांठ से हुई बंदरबांट हुई है तो उस पर कार्रवाई की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। सीडीओ ने कराए गए कामों के दस्तावेज छिपाने वाले सचिवों पर नकेल कसने के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने सभी बीडीओ व …
उन्नाव। ग्राम पंचायत स्तर पर यदि सचिव व ग्राम प्रधानों की सांठगांठ से हुई बंदरबांट हुई है तो उस पर कार्रवाई की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है। सीडीओ ने कराए गए कामों के दस्तावेज छिपाने वाले सचिवों पर नकेल कसने के लिए दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। सीडीओ दिव्यांशु पटेल ने सभी बीडीओ व एडीओ पंचायत को आदेश जारी कर 2015-16 से अब तक ग्राम पंचायत स्तर पर कराए गए कार्यों के सभी अभिलेख एक सप्ताह में पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि ये अभिलेख ग्राम पंचायत भवन में उपलब्ध होने चाहिए ताकि जांच के समय मांगे जाने पर उपलब्ध कराए जा सकें। अभिलेखों की उपलब्धता का प्रमाण पत्र जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से उन्हें भी उपलब्ध कराया जाए जिसमें प्रधान के साथ ही सचिवों के भी हस्ताक्षर हों।
सीडीओ ने कहा कि अक्सर जन सामान्य व जन प्रतिनिधियों से मिलने वाली शिकायतों की जांच के लिए पंचायत सचिव समय से अभिलेख नहीं उपलब्ध कराते। यही वजह है कि डीपीआरओ कार्यालय से आधा सैंकड़ा से अधिक शिकायतें लम्बित हैं। जांच के लिए दस्तावेज न उपलब्ध कराना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पंचायत स्तर पर बिना अभिलेख पूर्ण किए ही भुगतान आदि की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: लखनऊ: जल्द ही डॉ. एमसी सक्सेना के खिलाफ जारी होगा नोटिस
