बरेली: डेमू शेड के ट्रांसफार्मर से तेल चोरी, दो सिपाही निलंबित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज स्थित रेलवे के डेमू शेड में लगे ट्रांसफार्मर से तेल, कॉपर समेत अन्य सामान चोरी होने के मामले को आरपीएफ तीन दिन तक दबाए बैठी रही। मामला रेलवे के आला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद लापरवाही बरतने पर दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। उनकी विभागीय जांच शुरू …

बरेली, अमृत विचार। सीबीगंज स्थित रेलवे के डेमू शेड में लगे ट्रांसफार्मर से तेल, कॉपर समेत अन्य सामान चोरी होने के मामले को आरपीएफ तीन दिन तक दबाए बैठी रही। मामला रेलवे के आला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद लापरवाही बरतने पर दो सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया। उनकी विभागीय जांच शुरू हो गई है।

बीते शनिवार को सीबीगंज की स्लीपर रोड स्थित रेलवे के डेमू शेड में चोरों ने 11000 की लाइन काटकर डेमू शेड के अंदर ट्रांसफार्मर से तेल कॉपर आदि सामान चोरी कर लिया था। जिस कारण करीब 3 घंटे तक रेलवे डेमू शेड व कॉलोनी अंधेरे में डूबी रही। रेलवे पुलिस मामले को दबाए रही।

मामला डीआरएम के संज्ञान में आया तो उन्होंने वरिष्ठ कमांडेंट ऋषि पांडे व असिस्टेंट कमांडेंट प्रमोद कुमार को पूरे मामले की जांच सौंपी। बीते दिन रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी डॉग स्क्वॉड की टीम के साथ डेमो शेड का निरीक्षण करने पहुंचे थे इसमें लखनऊ की टीम भी शामिल थी। उन्होंने वहां का बारीकी से निरीक्षण किया था और मामले की रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंपी।

रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल विजय कुमार और कांस्टेबल प्रवीण कुमार को दोषी पाया गया, जिन्हें असिस्टेंट कमांडेंट प्रमोद कुमार के आदेश पर निलंबित कर दिया गया। मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है। रेलवे पुलिस ने जांच के दौरान सीबीगंज के सनईया रानी गांव के दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया था लेकिन पूछताछ में कुछ जानकारी न मिलने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया।

डेमू शेड के अंदर कैसे पहुंचे चोर

सीबीगंज में बना रेलवे का डेमू शेड आम लोगों के लिए प्रतिबंधित है। गेट पर रात में ताला डाला जाता है। दो सिपाहियों की ड्यूटी 24 घंटे गेट पर रहती है। बाउंड्री वॉल ऊंची होने के साथ उस पर कटीले तार लगे हैं। ऐसे में कूद के जाना भी संभव नहीं है। ऐसे में आशंका है कि बिना अंदर के किसी व्यक्ति की मिलीभगत से चोर डेमू शेड के अंदर दाखिल नहीं हो सकते।

पहले भी हुई हैं घटनाएं, सिपाही की हुई थी मौत

करीब 10 वर्ष पूर्व रेलवे के डेमू शेड में एक चोर चोरी करने घुसा था। वह लोहे का पाइप खोल रहा था। इसी दौरान नीचे खड़े एक सिपाही के सिर पर वह पाइप गिर पड़ा था, जिसमें मौके पर उसकी मौत हो गई थी। जिसके बाद कुछ दिन तक खूब हंगामा हुआ था लेकिन कुछ दिन बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

ये भी पढ़ें-

बरेली: आईपीएल में हारा 7 लाख, कर्ज चुकाने को लूट की कोशिश

संबंधित समाचार