हल्द्वानी: सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर मरीजों से लूट ! देवभूमि एंबुलेंस सेवा समिति ने खोली पोल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के बाहर बेबस और लाचार मरीजों के साथ खुल्लम खुल्ला लूट चल रही है। चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे सुशीला तिवारी अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों को कथित एंबुलेंस चालक बरेली के निजी अस्पतालों में भर्ती कराने का खेल कर रहे हैं। बदले में …

हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल के बाहर बेबस और लाचार मरीजों के साथ खुल्लम खुल्ला लूट चल रही है। चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे सुशीला तिवारी अस्पताल से रेफर होने वाले मरीजों को कथित एंबुलेंस चालक बरेली के निजी अस्पतालों में भर्ती कराने का खेल कर रहे हैं। बदले में उन्हें प्राइवेट अस्पतालों की तरफ से मोटा कमीशन मिल रहा है। इस बात का खुलासा आज देवभूमि एंबुलेंस सेवा समिति के पदाधिकारियों ने सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह के सामने किया।

अवैध एंबुलेंस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते देवभूमि एंबुलेंस सेवा समिति के पदाधिकारी।

देवभूमि एंबुलेंस सेवा समिति के अध्यक्ष राज काम्बोज ने सिटी मजिस्ट्रेट को बताया कि कुछ समय से सुशीला तिवारी अस्पताल के गेट के सामने कुछ एंबुलेंस अवैध रूप से संचालित हो रही हैं। नियम कायदों को ताक में रखने वाले इन एंबुलेंस संचालकों के पास जरुरी दस्तावेज भी नहीं हैं।

उन्होंने बताया कि बरेली के कुछ प्राइवेट अस्पतालों के द्वारा हल्द्वानी से मरीज को बरेली पहुंचाने के लिए कुछ लोगों को एंबुलेंस दी गई हैं जिनका काम सिर्फ यहां से मरीजों को बहला-फुसलाकर बरेली ले जाना होता है, इसके एवज में एंबुलेंस संचालकों को 5 से 15 हजार रुपये तक का कमीशन दिया जाता है जिसके कारण गरीब और भोले भाले मरीज और तीमारदार खुले आम लूट का शिकार हो रहे हैं। वहीं ईमानदारी से कार्य करने वाले दूसरे एंबुलेंस चालक बदनाम हो रहे हैं।

देवभूमि एंबुलेंस सेवा समिति ने कुमाऊं कमिश्नर, एसएसपी नैनीताल, संभागीय परिवहन अधिकारी को भी ज्ञापन सौंपकर कथित एंबुलेंस संचालकों को चिन्हित कर हल्द्वानी में संचालित प्रत्येक एंबुलेंस की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

इस मौके पर समिति के संरक्षक दरवान सिंह, सचिव कृष्णकांत, उपाध्यक्ष श्याम चंदोला, उपसचिव नारायण मेहरा, सदस्य विरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार