नैनीताल के व्यवसायी की हादसे में मौत
नैनीताल, अमृत विचार। नगर के युवा व्यवसायी जितेंदर सिंह उर्फ जीतू की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। नगर के युवा व प्रतिष्ठित व्यवसायी के निधन से नगर के व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक छा गया। उनके निधन पर गुरुवार को नैनीताल में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा। जानकारी के अनुसार, मल्लीताल …
नैनीताल, अमृत विचार। नगर के युवा व्यवसायी जितेंदर सिंह उर्फ जीतू की बुधवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। नगर के युवा व प्रतिष्ठित व्यवसायी के निधन से नगर के व्यापारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में शोक छा गया। उनके निधन पर गुरुवार को नैनीताल में व्यापारियों ने बाजार बंद रखा।
जानकारी के अनुसार, मल्लीताल क्षेत्र आवागड़ कंपाउंड निवासी जितेंदर सिंह उर्फ जीतू (45) किसी कार्य से दिल्ली गए थे। बुधवार रात को वह दिल्ली से लौट रहे थे। मुरादाबाद के पास खाना खाने के बाद सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। घायल हाल में उन्हें तत्काल नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश वर्मा समेत अन्य व्यापार कर्मी उनका पार्थिव शरीर लेने मुरादाबाद पहुंचे। गुरुवार शाम को पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर नैनीताल स्थित उनके आवास लाया गया। उसके बाद पाईंस स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। जितेंदर सिंह नगर में कई कंपनियों के डिस्ट्रीब्यूटर और थोक व्यापारी थे। वह अपने पीछे मां, पत्नी, दो नन्ही बेटियों को छोड़ गए हैं।
जितेंदर सिंह के निधन पर विधायक सरिता आर्य, गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष सरदार जोगेंदर सिंह, उपाध्यक्ष नरेंद्र पाल सिंह, गुरुविंदर सिंह, मनप्रीत सिंह, जसमीत सिंह व अन्य पदाधिकारियों समेत व्यापार मंडल तल्लीताल अध्यक्ष मारुति साह, मल्लीताल व्यापार मंडल अध्यक्ष किशन नेगी, महासचिव त्रिभुवन फर्त्याल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी आदि ने गहरा शोक जताया है।
