हल्द्वानी: नवरात्रि में मां दुर्गा की सुरों से आराधना, शुभनाद के शास्त्रीय गायकों ने बांधा समा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। भारतीय शास्त्रीय संगीत की उत्पत्ति वेदों से मानी जाती है। शास्त्रीय संगीत की महत्ता इस बात से भी स्पष्ट है कि भारतीय आचार्यों ने इसे पंचम वेद या गंधर्व वेद की संज्ञा दी है। यही वजह है कि पाश्चात्य संगीत की चकाचौंध के बीच शास्त्रीय गायन और वादन के मुरीद हर तरफ …

हल्द्वानी, अमृत विचार। भारतीय शास्त्रीय संगीत की उत्पत्ति वेदों से मानी जाती है। शास्त्रीय संगीत की महत्ता इस बात से भी स्पष्ट है कि भारतीय आचार्यों ने इसे पंचम वेद या गंधर्व वेद की संज्ञा दी है। यही वजह है कि पाश्चात्य संगीत की चकाचौंध के बीच शास्त्रीय गायन और वादन के मुरीद हर तरफ मिल जाते हैं। हल्द्वानी में भी शास्त्रीय गायन की विभिन्न विधाओं में नई पीढ़ी के होनहार खुद को साबित कर रहे हैं। ध्रुपद, ख्याल, धमार, ठुमरी और टप्पा जैसी गायन शैलियों में युवा खुद को स्थापित कर नाम रोशन कर रहे हैं।

मौका अगर मां दुर्गा को पावन नवरात्रों का हो और शास्त्रीय गायकी की भेंट मां के चरणों में न चढ़े ऐसा कैसा हो सकता है। आज हल्द्वानी के शुभनाद संगीत विद्यालय में किशोर और बाल शास्त्रीय गायकों ने मां दुर्गा की आराधना से जुड़ी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। इस मौके पर संस्कृतिकर्मी गौरीशंकर कांडपाल ने उत्तराखंड के लोकवाद्य हुड़के की थाप पर मां दुर्गा के भजनों की प्रस्तुति से समां बांध दिया।

शास्त्रीय गायकों ने बताया कि उनका लक्ष्य शास्त्रीय गायकी में कुछ बेहतर करने का है। मेहनत और जुनून के दम वह संगीत साधना से जुड़े रहकर मुकाम हासिल करना चाहते हैं। वहीं शुभनाद संगीत विद्यालय के निदेशक और गुरु पंकज आर्य ने बताया कि आज के वक्त में शास्त्रीय संगीत हर मन को शीतलता और सुकुन का एहसास कराता है। यही वजह है कि बदलते वक्त के साथ शास्त्रीय गायन और वादन की महत्ता बढ़ती चली गई।

हुड़के की थाप पर मां दुर्गा के भजन की प्रस्तुति देते संस्कृतिकर्मी गौरीशंकर कांडपाल।

उन्होंने बताया कि बीते दिनों बरेली के दाऊजी मंदिर में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी, लखनऊ की ओर से पिछले दिनों शास्त्रीय संगीत प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय की खुशी टंडन ने किशोर वर्ग में ख्याल गायन में , साक्षी तिवारी ने किशोर वर्ग में ठुमरी गायन में और भवेश पांडे ने बाल वर्ग में ख्याल गायन में प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रथम आए तीनों विद्यार्थी अब लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होंगे।

संबंधित समाचार