रुद्रपुर: प्रशासन ने जमींदोज की रामा विहार कॉलोनी
रुद्रपुर, अमृत विचार। ट्रांजिट कैंप के शिमला बहादुर स्थित रामा विहार नाम की कॉलोनी को प्रशासन ने शनिवार को जमींदोज कर दिया। दो जेसीबी लेकर उतरी प्रशासन की टीम ने सड़कों को उखड़वा दिया। बिजली के पोल गिराकर पूरी लाइन ही धराशायी कर दी गई। ट्रांजिट कैंप में रामा विहार कॉलोनी को क्षेत्र के ही …
रुद्रपुर, अमृत विचार। ट्रांजिट कैंप के शिमला बहादुर स्थित रामा विहार नाम की कॉलोनी को प्रशासन ने शनिवार को जमींदोज कर दिया। दो जेसीबी लेकर उतरी प्रशासन की टीम ने सड़कों को उखड़वा दिया। बिजली के पोल गिराकर पूरी लाइन ही धराशायी कर दी गई।
ट्रांजिट कैंप में रामा विहार कॉलोनी को क्षेत्र के ही एक पूर्व प्रधान ने विकसित किया था। आरोप है कि उन्होंने इसके लिये निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया। न ही भू परिवर्तन कराया गया और न ही नक्शा पास कराया गया। साथ ही सिंचाई विभाग के एक नाले को कॉलोनी की हद में शामिल कर दिया।
सीसी सड़क व बिजली की लाइन बिछाकर कॉलोनी में प्लॉट बेचे गये। शनिवार को जिला विकास प्राधिकरण के सचिव एनएस नबियाल, तहसीलदार नीतू डांगर, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी की अगुवाई में टीम ने शनिवार को पूरी कॉलोनी को तहस-नहस कर दिया। नगर निगम व विकास प्राधिकरण की जेसीबी से सभी सीसी सड़कों को उखाड़ दिया गया। बिजली की लाइनों को धराशायी कर दिया गया। साथ ही वहां पर रखी सारी निर्माण सामग्री को भी जब्त कर लिया गया। कार्यवाही शाम तक चलती रही।
सामने नहीं आये कॉलोनाइजर
रुद्रपुर। उम्मीद थी कॉलोनी में अतिक्रमण हटाने के दौरान भारी विरोध होगा। इसके चलते कॉलोनी को जमींदोज करने पहुंची टीम की सुरक्षा के लिये सीओ सिटी अभय सिंह, ट्रांजिट कैंप प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा की अगुवाई में भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही, लेकिन कोई भी विरोध करने सामने नहीं आया।
आसपास बने घरों के लोगों में डर का माहौल
रुद्रपुर। जिस क्षेत्र में यह कॉलोनी विकसित की जा रही थी उस क्षेत्र में बताया जा रहा है कि ज्यादातर घरों का निर्माण बगैर नक्शों के हुआ है। साथ ही इन जमीनों का भू प्रयोजन भी नहीं बदलवाया गया। इस इलाके की सारी जमीनें आज भी कृषि उपयोग में दर्ज हैं। इसके चलते शनिवार को जब कॉलोनी को जमींदोज करने का काम शुरू हुआ तो आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
