नीदरलैंड ने लिया हार का बदला, भारत को शूटआउट में 3-1 से हराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भुवनेश्वर। दुनिया की नंबर एक महिला हॉकी टीम नीदरलैंड ने भारत से शुक्रवार को मिली शिकस्त का बदला लेते हुए उसे शनिवार को यहां कलिंग स्टेडियम में महिला एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021-22 मैच में शूटआउट में 3-1 से हरा दिया। भारतीय टीम ने इससे पहले नीदरलैंड को कड़ी चुनौती दी और मैच को 1-1 …

भुवनेश्वर। दुनिया की नंबर एक महिला हॉकी टीम नीदरलैंड ने भारत से शुक्रवार को मिली शिकस्त का बदला लेते हुए उसे शनिवार को यहां कलिंग स्टेडियम में महिला एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2021-22 मैच में शूटआउट में 3-1 से हरा दिया। भारतीय टीम ने इससे पहले नीदरलैंड को कड़ी चुनौती दी और मैच को 1-1 से ड्रा कराया। मैच कितना रोमांचक और कड़ा रहा, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पूरे मैच में कुल दो गोल हुए, जो पहले और आखिरी क्वार्टर में हुए।

भारत की तरफ से अनुभवी फॉरवर्ड राजविंदर कौर ने पहले ही मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए गोल दाग कर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद मैच काफी मुश्किल हो गया। दोनों ही ओर से आक्रामक रणनीति के साथ हॉकी खेली गई और साथ ही डिफेंस में भी मुस्तैदी दिखी। दोनों टीमें कई कोशिशों के बावजूद इसके बाद कोई गोल नहीं कर सकीं। देखते ही देखते तीन क्वार्टर और चौथे क्वार्टर का आधे से ज्यादा खेल खत्म हो गया, लेकिन स्कोर आगे नहीं बढ़ा।

फिर 54वें मिनट में हालांकि नीदरलैंड को पेनल्टी कॉर्नर के रूप में वरदान मिला, जिसने मैच का सीधा नतीजा आने से रोक दिया।
नीदरलैंड की कप्तान यिब्बी यानसन ने इस मौके को गोल में तब्दील कर स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया और फिर इसी स्कोर पर मैच समाप्त हुआ। परिणामस्वरूप मैच के नतीजे के लिए पेनल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया, जिसमें भारतीय कप्तान एवं गोलकीपर सविता पुनिया ने बचाव की अच्छी कोशिश की, लेकिन टीम को मैच हारने से नहीं बचा पाईं।

नीदरलैंड ने शूटआउट में चार प्रयासें में तीन में गोल किए, जबकि भारत चार में से महज एक को गोल में बदल पाया। उल्लेखनीय है कि नीदरलैंड इस जीत के साथ प्रो लीग अंक तालिका में अब आठ मैचों में छह सीधी जीत और दो शूटआउट जीत की बदौलत 19 अंकों के साथ शीर्ष पर बरकरार है। वहीं भारत आठ मैचों में चार सीधी जीत और एक शूटआउट जीत के चलते 16 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है।

यह भी पढ़ें:-RCB vs MI, IPL 2022: मुंबई ने बेंगलुरु को दिया 152 रनों का लक्ष्य, सूर्यकुमार ने लगाया अर्धशतक

संबंधित समाचार