बलिया में पत्रकारों की गिरफ्तारी के विरोध में अनशन की चेतावनी
बलिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित इंटरमीडिएट की परीक्षा का अंग्रेजी का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में तीन पत्रकारों की गिरफ्तारी के विरोध में स्थानीय पत्रकारों ने रविवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन पूजन किया तथा कल से बेमियादी अनशन करने का ऐलान किया है। इंटरमीडिएट की …
बलिया। माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित इंटरमीडिएट की परीक्षा का अंग्रेजी का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में तीन पत्रकारों की गिरफ्तारी के विरोध में स्थानीय पत्रकारों ने रविवार को जिला प्रशासन के अधिकारियों की बुद्धि शुद्धि के लिए हवन पूजन किया तथा कल से बेमियादी अनशन करने का ऐलान किया है।
इंटरमीडिएट की परीक्षा का अंग्रेजी का प्रश्न पत्र लीक होने के मामले में तीन पत्रकारों अजीत कुमार ओझा, दिग्विजय सिंह व मनोज गुप्ता की गिरफ्तारी के मामले में बलिया संयुक्त पत्रकार संघर्ष समिति के बैनरतले पत्रकारों ने आज जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह व पुलिस अधीक्षक राजकरन नय्यर की बुद्धि शुद्धि के लिए जिला मुख्यालय व ग्रामीण क्षेत्रों में हवन पूजन किया।
जिला मुख्यालय पर पत्रकारों ने बाबा बालेश्वर नाथ के मंदिर में हवन पूजन किया। संघर्ष समिति के संयोजक मण्डल के हरिनारायण मिश्र ने जिला प्रशासन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि बलिया में परीक्षा के दौरान नकल के खेल का सच सामने लाने के कारण जिला प्रशासन ने तीन पत्रकारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। संघर्ष समिति के संयोजक मण्डल के संदीप सौरभ सिंह ने जानकारी दी है कि गिरफ्तार पत्रकारों की रिहाई व दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर कल से जिला मुख्यालय पर बेमियादी अनशन शुरू होगा।
यह भी पढ़ें:-उन्नाव: डीजल के भाव ने बदला किसानों का मिजाज, मक्का से मुंह फेरकर दलहनी फसलों की तरफ किया रुख
