हल्द्वानी: वैशाखी पर संगत हुई निहाल, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में सजा कीर्तन दरबार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। आज वैसाखी के पावन पर्व पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, हल्द्वानी में धार्मिक दीवान की अमृत वेले से शुरुआत हुई। इस दौरान सुंदर फूलों से सजे दीवान साहिब की छटा देखते ही बनी। सुबह से ही संगत का गुरुद्वारा साहिब में आना शुरू हो गया। जहां हजूरी रागी भाई नाजर सिंघ …

हल्द्वानी, अमृत विचार। आज वैसाखी के पावन पर्व पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंघ सभा, हल्द्वानी में धार्मिक दीवान की अमृत वेले से शुरुआत हुई। इस दौरान सुंदर फूलों से सजे दीवान साहिब की छटा देखते ही बनी। सुबह से ही संगत का गुरुद्वारा साहिब में आना शुरू हो गया। जहां हजूरी रागी भाई नाजर सिंघ जी ने रोजाना की तरह आसा दी वार का कीर्तन किया वहीं गुरुद्वारा चार साहिबजादे के भाई सुखदेव सिंह जी ने भी हाजिरी भरी। भाई जसपाल सिंह, दलजीत सिंह और नौजवान जसकरन सिंह, तनप्रीत सिंह, भवजोत सिंह ने रसभिना कीर्तन कर संगत का मन मोह लिया।

गुरुद्वारा श्रीगुरु सिंह सभा में मौजूद संगत।

इसके बाद गुरुद्वारा दुखनिवारण साहिब, लुधियाना से आए भाई कुलविंदर सिंघ जी ने वैसाखी व खालसा साजना दिवस पर विचार प्रकट किए। उन्होंने बताया कि खालसा बनाने की नींव तो गुरु नानक साहिब ने ही रख दी थी। 1699 की वैसाखी पर गुरु गोबिंद सिंघ जी ने इस पर अंतिम मोहर लगा दी। तब से ही इस दिन को बैसाखी पर्व के रूप में मनाया जा रहा है।

उन्होंने समझाया कि गुरु साहिब का पांच प्यारों के चयन के पीछे भी बहुत लंबे समय की विचार, सोच, दूरदृष्टि थी। दिल्ली से आए नौजवान रागी भाई जसपाल सिंघ और साथियों ने “इन्हीं की किरपा के सजे हम है, खालसा मेरो रूप है खास, अमृत पीवो सदा चिर जीवो” आदि शब्दों का गायन करके पूरे माहौल को भक्तिमय कर दिया। अंत में गुरु घर के वजीर भाई अमरीक सिंघ जी ने अरदास और हुकमनामा लेकर कार्यक्रम संपन्न किया।

मुख्य सेवादार सरदार रंजीत सिंह जी ने सभी संगत को वैसाखी की बधाई दी। जनरल सैकेट्री सरदार जगजीत सिंघ ने बाहर से आए रागी, प्रचारक और सेवादारों का धन्यवाद किया। इसके बाद संगत ने लंगर छका व गुरु साहिब का धन्यवाद किया। इस मौके पर कमेटी सदस्य रविंदरपाल सिंह, तजिंदर सिंघ, सतपाल सिंह ,अजादविन्दर सिंह ,अमनपाल सिंह, बलविंदर सिंह, जगमोहन सिंह, सुरेन्द्रपाल सिंह, सतवंत सिंह आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार