रुद्रपुर: वृद्धाश्रम में बंधक बने दो महिलाओं और एक बच्चे को छुड़वाया
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिंह कॉलोनी फेस-2 में चल रहे वृद्धाश्रम में दो महिलाओं और एक बच्चे को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। सूचना पर परिजनों के साथ पहुंची पुलिस ने महिला व बच्चे को छुड़वाया। उधर, संचालिका ने बंधक बनाने के आरोपों को नकारा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। …
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिंह कॉलोनी फेस-2 में चल रहे वृद्धाश्रम में दो महिलाओं और एक बच्चे को बंधक बनाने का मामला सामने आया है। सूचना पर परिजनों के साथ पहुंची पुलिस ने महिला व बच्चे को छुड़वाया। उधर, संचालिका ने बंधक बनाने के आरोपों को नकारा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

शुक्रवार को पीलीभीत के पलिया निवासी महिला के परिजन शांति विहार कॉलोनी स्थित एक मकान पर वार्ड के पार्षद के साथ पहुंचे। वे एक महिला व उसके बच्चे को बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाने लगे। उन्होंने बताया कि मकान में एक मानसिक रूप से कमजोर महिला भी बंधक है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी। पता चला कि मकान में वृद्धाश्रम संचालित होता है। इस पर पुलिस ने वृद्धाश्रम की संचालिका को फ़ोन कर मौके पर बुलाया।
संचालिका ने हल्द्वानी में होने की जानकारी देकर थोड़ी देर में पहुंचने की बात कही। थोड़ी देर बाद संचालिका ने किसी व्यक्ति को चाबी लेकर मौके पर भेजा। पुलिस ने ताला खोलकर महिला और उसके 12 साल के बच्चे को बाहर निकाला। इस दौरान मुख्य गेट सहित तीन गेटों पर ताला लगा हुआ था। महिला व बच्चे को पहली मंजिल पर रखा हुआ था। वहां पुलिस को एक अन्य वृद्ध महिला भी मिली। सभी को पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ कोतवाली ले गई।
बंधक बनाये गये महिला और उसके बच्चे ने बताया कि उन्होंने पलिया निवासी अपने मौमरे भाई को बंधक बनाये जाने की सूचना दी थी। इसके बाद वह कुछ लोगों को एकत्रकर यहां महिला व बच्चे को छुड़ाने आये थे। महिला के परिजनों का आरोप था कि उन्हें यहां खाना नहीं दिया जाता था और तीनों गेटों पर ताला लगाकर संचालिका चली गई थी। मामले में एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि महिला व बच्चे से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।
