हल्द्वानी: हादसे पर हंगामा, पार्षद ने बीच सड़क व्यापारी को जड़े थप्पड़
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोपहर छोटा हाथी की चपेट में आया स्कूटी सवार बुरी तरह घायल हो गया और इस पर एक पार्षद और व्यापारी भाइयों में तीखी तकरार हो गई। घायल का इलाज कराने पर शुरू हुई तकरार ने मारपीट का रूप ले लिया और पार्षद ने व्यापारी भाइयों को थप्पड़ जड़ दिए। सूचना पर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। दोपहर छोटा हाथी की चपेट में आया स्कूटी सवार बुरी तरह घायल हो गया और इस पर एक पार्षद और व्यापारी भाइयों में तीखी तकरार हो गई। घायल का इलाज कराने पर शुरू हुई तकरार ने मारपीट का रूप ले लिया और पार्षद ने व्यापारी भाइयों को थप्पड़ जड़ दिए। सूचना पर पहुंची टीपीनगर पुलिस के सामने भी दोनों ओर से तीखी नोक-झोंक हुई। बहरहाल, पुलिस के पहुंचने के बाद मामला शांत हो गया।
रामपुर रोड पर हर्बोला होटल के पास प्यारे लाल एंड कंपनी है। बताया जाता है कि रविवार दोपहर कंपनी से एक छोटा हाथी सरिया लाद कर निकल रहा था। तभी मूलरूप से बदायूं उत्तर प्रदेश का रहने वाला आकाश गुप्ता (24) सरिया लदे छोटा हाथी की चपेट में आ गया। जिससे स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई और आकाश बुरी तरह घायल हो गया।
खून निकलता देख पास ही मौजूद एक पार्षद अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। घायल सड़क पर पड़ा था और प्यारे लाल एंड संस के व्यापारी भाई प्रफुल्ल अग्रवाल व सार्थक अग्रवाल के कंपनी से बाहर न निकलने और घायल की मदद न करने पर पार्षद भड़क गए। पार्षद ने व्यापारी भाइयों से घायल का इलाज कराने को कहा। जिस पर व्यापारी भाई आना-कानी करने लगे और तर्क दिया कि छोटा हाथी उनका नहीं, बल्कि किसी ग्राहक का माल लेकर जा रहा था।
इसलिए वह इलाज नहीं कराएंगे। इस पर मामला बिगड़ गया और मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि समर्थकों के साथ पार्षद ने व्यापारी भाइयों पर हमला बोल दिया। इधर, सूचना मिलते ही टीपीनगर पुलिस भी मौके पहुंच गई। जिसके बाद भी दोनों पक्षों में विवाद होता रहा। स्थानीय लोगों की मदद से आकाश को इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय भेजा गया।
अब कल कैसे नौकरी ज्वाइन करेगा आकाश
हल्द्वानी। हादसे के बाद रोते हुए टीपीनगर चौकी पहुंची घायल आकाश की मां ने बताया कि आकाश के पैर में गहरा जख्म है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोट है और हड्डी टूटने की संभावना भी जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि सोमवार से आकाश को दिल्ली में नौकरी ज्वाइन करनी थी, लेकिन हादसे के बाद अब उसकी नौकरी खतरे में पड़ गई है। आकाश यहां रामपुर रोड स्थित गोपाल जी विहार में अपने परिवार के साथ रहता है।
