अयोध्या: अश्विनीपुरम वार्ड का मेयर ने किया निरीक्षण, जन समस्याओं के निवारण का दिया निर्देश
अयोध्या। 60 दिवसीय कायाकल्प अभियान के तहत मेयर ऋषिकेश उपाध्याय अपने फुल फार्म में चल रहे हैं। लगातार वार्डों का निरीक्षण कर उसे चकाचक बनाने का निर्देश दे रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने अश्वनीपुरम वार्ड का दौरा किया। इस दौरान वहां मिलीं खामियों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने का अधिकारियों को निर्देश दिया। वार्ड …
अयोध्या। 60 दिवसीय कायाकल्प अभियान के तहत मेयर ऋषिकेश उपाध्याय अपने फुल फार्म में चल रहे हैं। लगातार वार्डों का निरीक्षण कर उसे चकाचक बनाने का निर्देश दे रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने अश्वनीपुरम वार्ड का दौरा किया। इस दौरान वहां मिलीं खामियों को तत्काल प्रभाव से दुरुस्त करने का अधिकारियों को निर्देश दिया।
वार्ड की नालियों की सफाई करने व एक पार्क में इंडिया मार्का हैंड पंप तत्काल सही करने के निर्देश दिए। देवकाली मार्ग पर रोड किनारे गड्ढे को भी दुरुस्त कराने का निर्देश दिया। साथ ही नाले पर अतिक्रमण को तत्काल हटा करके उसकी सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा।
मेयर ने कहा कि जन समस्याएं और जन सुविधाओं के प्रति काम चोरी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो भी संसाधन निगम के पास उपलब्ध है उन संसाधनों का उपयोग पूरे मनोयोग से और सेवा भाव से करने की आवश्यकता है।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि जिस भी क्षेत्र में किसी भी तरह की समस्या सुझाव शिकायत है वह मेरे स्तर पर जरूर पहुंचाएं, जिससे हम आपकी समस्या को तत्काल प्रभाव से निस्तारण करा सकें। अभियान में भाजपा नेता कमलेश श्रीवास्तव, पार्षद प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव, अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह के अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
