हल्द्वानी: राशन विक्रेता एक साल से लाभांश के इंतजार में…
हल्द्वानी, अमृत विचार। पूर्ति विभाग राशन डीलरों पर बायोमैट्रिक मशीन द्वारा राशन वितरण का पूरा दबाव बना रहा है। लेकिन, पिछले एक साल से राशन डीलर अपने लाभांश के लिए भटक रहे हैं। राशन वितरण की एवज में उन्हें मिलने वाला लाभांश एक साल से नहीं मिला है। पूर्ति विभाग ने जिले के 680 राशन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। पूर्ति विभाग राशन डीलरों पर बायोमैट्रिक मशीन द्वारा राशन वितरण का पूरा दबाव बना रहा है। लेकिन, पिछले एक साल से राशन डीलर अपने लाभांश के लिए भटक रहे हैं। राशन वितरण की एवज में उन्हें मिलने वाला लाभांश एक साल से नहीं मिला है। पूर्ति विभाग ने जिले के 680 राशन डीलरों के लिए 6.25 करोड़ रुपये का बजट शासन से मांगा है।
नैनीताल जिले में पूर्ति विभाग की सस्ते गल्ले की 680 दुकान हैं। राशन वितरण की एवज में राशन डीलर को मिलने का वाला लाभांश एक साल से नहीं मिला है। आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष प्रमोद आर्या ने बताया कि हल्द्वानी में 250 सस्ते गल्ले की दुकान है। यहां से करीब दो लाख 41 हजार 994 राशन कार्ड धारकों को सस्ती दरों पर खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। पूर्ति विभाग द्वारा उन्हें केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत राशन वितरण पर 143 रुपये प्रति कुंतल तथा राज्य सरकारी की ओर से 50 रुपये प्रति कुंतल लाभांश मिलता है। पिछले एक साल से यह लाभांश नहीं मिला है। लाभांश के लिए कई बार पूर्ति विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। लेकिन, हर बार बजट का अभाव बताकर उन्हें चलता कर दिया जाता है।
प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सस्ता गल्ला विक्रेताओं को मिलने वाला कमीशन बकाया है। इसके लिए शासन से बजट मांगा है। बजट मिलने के बाद राशन डीलरों के खाते में कमीशन की धनराशि भेज दी जाएगी।
– राहुल शर्मा, उपायुक्त खाद्य विभाग
