हल्द्वानी: झगड़े की सूचना पर पहुंचे सिपाहियों पर जानलेवा हमला, पथराव
हल्द्वानी,अमृत विचार। मारपीट और छेड़छाड़ की सूचना पर गौलापार पहुंचे चीता पुलिस के दो सिपाहियों पर पथराव के बाद जानलेवा हमला बोल दिया गया। इस हमले में दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गये। आरोपी गांव में रहने वाली एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ कर रहा था। जिसने विरोध पर उसके पति …
हल्द्वानी,अमृत विचार। मारपीट और छेड़छाड़ की सूचना पर गौलापार पहुंचे चीता पुलिस के दो सिपाहियों पर पथराव के बाद जानलेवा हमला बोल दिया गया। इस हमले में दोनों सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गये। आरोपी गांव में रहने वाली एक महिला के घर में घुसकर छेड़छाड़ कर रहा था। जिसने विरोध पर उसके पति को भी बुरी तरह पीटा। वारदात को अंजाम देने के आरोपी दंपति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी एक महिला गुरुवार देर रात परिवार के साथ खाना खाने की तैयारी कर रही थी। इस दौरान गांव का रहने वाला रमेश राम घर में घुस आया और घर की महिला सदस्य से छेड़छाड़ करने लगा। विरोध पर आरोपी ने पीड़ित महिला के पति को भी बुरी तरह पीट डाला। इस बीच बच्चों ने इसकी सूचना डायल 112 को दे दी। आरोप है कि इस दौरान रमेश राम की पत्नी पुष्पा और बच्चे भी पीड़ित पक्ष के घर में घुस आए और मारपीट करने लगे।
सूचना पाकर चीता पुलिस के सिपाही रामायन प्रजापति व सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और आरोपियों को काबू करने का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपियों ने पथराव करने के बाद पुलिसकर्मियों पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिसमें दोनों सिपाही घायल हो गए। आरोपियों ने सिपाही सुरेन्द्र सिंह की वर्दी भी फाड दी। पुलिस ने मोबाइल से वीडियों बनाने की कोशिश की तो रमेश राम ने मोबाइल छीन कर पत्थर से कुचल दिया।
चीता पुलिस पर हमले की सूचना पर काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी पक्ष वहां से फरार हो चुका था। काठगोदाम पुलिस ने घायल सिपाहियों को अस्पताल में भर्ती कराया। काठगोदाम थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित महिला और घायल सिपाहियों की तरफ से अलग-अलग दो रिपोर्ट दर्ज करायी गयी है। आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
