उत्तराखंड: छह मई से शुरू होगी केदारनाथ यात्रा, मुख्यमंत्री ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
देहरादून, अमृत विचार। आगामी छह मई को केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। इससे पूर्व आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने आगामी केदारनाथ यात्रा की तैयारियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम …
देहरादून, अमृत विचार। आगामी छह मई को केदारनाथ धाम के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जाएंगे। इससे पूर्व आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां उन्होंने आगामी केदारनाथ यात्रा की तैयारियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने केदारनाथ धाम में पूर्ण हो चुके सरस्वती आस्था पथ का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन मंदाकिनी आस्था पथ को अति शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। परिसर के आस-पास हो रहे पहाड़ी शैली में भवनों के निर्माण कार्यों की जानकारी ली। वहीं उन्होंने कालीमठ मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
मंदिर परिसर का भ्रमण करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदार घाटी के निर्माण में लगे श्रमिकों का हालचाल जाना और उनकी परेशानी को दूर करने के निर्देश दिए।

पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने मुख्यमंत्री को बताया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा अनुसार प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। साथ ही बरसात के दौरान ड्रेनेज सिस्टम को विकसित किया जाएगा। वर्तमान में केदारनाथ धाम के निर्माण हेतु करीब 700 श्रमिक कार्यरत हैं। उन्होंने बताया केदारघाटी में ब्रह्म कमल वाटर पार्क का निर्माण किया जाएगा।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री के केदारनाथ दौरे को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छह मई को केदारनाथ धाम आगमन की संभावनाओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक प्रधानमंत्री का कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान विधायक शैला रानी रावत, डीएम मयूर दीक्षित, एसडीएम योगेंद्र सिंह आदि रहे।

