रुद्रपुर: बैंकिंग फाइनेंस की परीक्षा न होने से नाराज छात्र कॉलेज की छत पर चढ़े

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। पिछले दो साल से बैंकिंग फाइनेंस की परीक्षा की तिथि घोषित नहीं होने से गुस्साये तीन छात्र जहां कॉलेज के प्रशासनिक भवन की दो मंजिला छत पर चढ़ गये वहीं कुछ छात्र भवन के गेट पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। जिससे कॉलेज प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये। सूचना पर पुलिस भी मौके …

रुद्रपुर, अमृत विचार। पिछले दो साल से बैंकिंग फाइनेंस की परीक्षा की तिथि घोषित नहीं होने से गुस्साये तीन छात्र जहां कॉलेज के प्रशासनिक भवन की दो मंजिला छत पर चढ़ गये वहीं कुछ छात्र भवन के गेट पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। जिससे कॉलेज प्रशासन के हाथ-पांव फूल गये। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छात्रों को समझाने का प्रयास किया गया। लेकिन छात्र अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। आखिर लिखित आश्वासन के बाद छात्र नीचे उतरे। कॉलेज में करीब डेढ़ घंटे तक यह हंगामा चलता रहा।

शनिवार की सुबह पंडित दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र के तहत बैंकिग फाइनेंस के छात्र कॉलेज परिसर में एकत्र हुए और परीक्षा तिथि घोषित नहीं करने पर विरोध जताने लगे। परीक्षा नियंत्रक के अवकाश पर होने के बाद छात्रों को पारा और अधिक चढ़ गया। जिसके बाद शुभम गौतम, दीपांशु रस्तोगी और तुषार अरोरा कॉलेज की दो मंजिला बिल्डिंग पर चढ़ गये, बाकी विद्यार्थियों ने गेट पर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों का कहना था कि वर्ष 2018 में प्रवेश लिये छात्रों की तीन साल की डिग्री के बाद वर्ष 2020 में परीक्षा हो जानी चाहिए थी। लेकिन कोविड-19 की वजह से उस वर्ष परीक्षा नहीं हो सकी।

उसके बाद भी करीब डेढ़ साल का वक्त बीत चुका है। लेकिन इस विषय की कुमाऊं विश्वविद्यालय द्वारा परीक्षा की तिथि अभी तक घोषित नहीं की गई है। जबकि छात्रों से कॉलेज प्रशासन ने पूरी फीस भी ली है। परीक्षा नहीं होने से उन्हे अगली कक्षाओं में प्रवेश लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

परीक्षा की तिथि घोषित नहीं होने से करीब 80 छात्रों का भविष्य भी अंधकारमय हो गया है। वहीं इसको लेकर कॉलेज प्रशासन भी हीलाहवाली का रवैया अपनाया हुआ है। उधर छात्रों का आरोप था कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने वेबसाइट से भी इस विषय से संबंधित जानकारी हटा ली है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और छात्रों को समझाने का प्रयास किया।

करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. एके पॉलीवाल ने छात्रों को लिखित आश्वासन दिया। जिसके बाद बिल्डिंग पर चढ़े छात्र नीचे उतरे और उन्होंने निर्धारित समय तक कार्यवाही नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर सूरज पासवान, कमल कुमार, बुशर, रिया रानी, नरेंद्र कुमार, ऊषा, दीक्षा सहित आदि मौजूद थे।

पंडित दीनदयाल उपध्याय कौशल योजना के तहत बैंकिंग व फाइनेंस की परीक्षा तिथि घोषित करने का अधिकार कुमाऊं विवि प्रशासन का है। छत पर चढ़ने के बाद विवि से बातचीत कर परीक्षा छह मई से प्रारंभ किये जाने का लिखित आश्वासन छात्रों को दिया है। जिसकी समय सारणी भी जल्द प्रकाशित कर दी जायेगी। परीक्षा की समय-सारणी के लिए टेंटेटिव सूची बनाकर विश्वविद्यालय को भेज दी है।

– प्रो. एके पालीवाल, कार्यवाहक प्राचार्य डिग्री कॉलेज।

संबंधित समाचार