हल्द्वानी: उजाला नगर में नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर बनाया कूड़ेदान
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम की जमीन पर कब्जा करके उसे कूड़ाघर बना दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की है। नगर निगम ने उक्त जमीन पर से कब्जा हटाने को लेकर नोटिस भेजा है। नगर निगम इन दिनों शहर में अपनी जमीन पर से अवैध कब्जे हटाने का अभियान …
हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम की जमीन पर कब्जा करके उसे कूड़ाघर बना दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की है। नगर निगम ने उक्त जमीन पर से कब्जा हटाने को लेकर नोटिस भेजा है।
नगर निगम इन दिनों शहर में अपनी जमीन पर से अवैध कब्जे हटाने का अभियान चला रहा है। उजाला नगर में बरेली रोड से सटी हुई खाली जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है और यहां कूड़ा डाला जा रहा है। कूड़ा डाले जाने की वजह से यहां के लोगों में काफी आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम में इसकी शिकायत की है और बताया है कि यहां कूड़ा पड़े होने की वजह से गंदगी पसरी हुई है। साथ ही लोगों के बीमार होने का भी खतरा है।
नगर निगम के अधिकारियों ने जब मामले की जांच की तो उन्हें पता चला कि यह जमीन नगर निगम की है और इस पर अवैध कब्जा करके इसे कूड़ाघर बनाया गया है। वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने तुरंत निर्देश जारी करते हुए नोटिस भेजे जाने के लिए अपने अधिनस्थों से कहा। बताया कि नगर निगम ने इस स्थान से अवैध कब्जा हटाने को कहा है। साथ ही यहां बने अवैध कड़ाघर को भी हटाया जाएगा, जिससे लोगों को परेशानी न हो।
जानकारी मिली कि यह जमीन बरेली रोड से सटी हुई है। जिसकी बाजार में करोड़ों रुपए की कीमत है। यह भी सोचने वाली बात है कि बरेली रोड से सटी नगर निगम की जमीन पर कब्जा हो गया और नगर निगम को इसकी जानकारी स्थानीय लोगों की शिकायत से मिली है।
कालूसिद्ध मंदिर से मुखानी तक हटेगा अतिक्रमण
टीपीनगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाए जाने के बाद कालूसिद्ध मंदिर से मुखानी तक अतिक्रमण हटाने की तैयारी कर ली गई है। कालाढूंगी रोड पर अभी तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान नहीं चलाया गया है। इससे पहले नैनीताल रोड, तीनपानी से धानमिल, मंगलपड़ाव, हाइडिल से मुखानी तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा चुका है। यह पहली बार है जब नगर निगम इस अभियान के तहत कालाढूंगी रोड पर से अतिक्रमण हटाएगा। सहायक नगर आयुक्त गौरव भसीन ने बताया कि कालाढूंगी रोड पर मुनादी करवा दी गई है। अब सीधे अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
