हल्द्वानी: हनुमान भक्तों पर हमला, हमलावरों को पकड़ने में पुलिस का रतजगा, 10 आरोपी गिरफ्तार… देखें VIDEO
हल्द्वानी,अमृत विचार। शनिवार देर शाम बजरंग दल के कार्यकर्ता (हनुमान भक्तों) पर हुए हमले के बाद पूरी रात पुलिस ने रतजगा किया। रात 11 बजे के बाद एसएसपी पंकज भट्ट ने खुद काठगोदाम थाने पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। पूरी रात चली दबिश के बाद पुलिस ने 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस …
हल्द्वानी,अमृत विचार। शनिवार देर शाम बजरंग दल के कार्यकर्ता (हनुमान भक्तों) पर हुए हमले के बाद पूरी रात पुलिस ने रतजगा किया। रात 11 बजे के बाद एसएसपी पंकज भट्ट ने खुद काठगोदाम थाने पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया। पूरी रात चली दबिश के बाद पुलिस ने 10 आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की थी।
देखें वीडियो: हनुमान भक्तों पर हमला, हमलावरों को पकड़ने में पुलिस का रतजगा, 10 आरोपी गिरफ्तार
बता दें कि शनिवार देर शाम शीशमहल निवासी रक्षित, मानस और देव इलाके में स्थित शिव मंदिर में आयोजित हनुमान चालीसा पाठ में शामिल होने गए थे। जिसके बाद गले में भगवा गमछा डाले बजरंग दल के ये तीनों युवक नैनीताल रोड पर जूस की दुकान पर थे। बताया जाता है कि इसी बीच वहां से गुजरे बाइक सवार कुछ लोगों ने युवकों को बजरंग दल का कार्यकर्ता कहते हुए हमला कर दिया। इस बीच दौड़ भीड़ ने आरोपियों के तीन साथियों को दबोच लिया, लेकिन 10 मिनट में लौटी बाइक सवार 40 से 50 लोगों की भीड़ ने पथराव कर दिया और दो आरोपियों को चंगुल से छुड़ा लिया। जब दूसरी ओर से पथराव हुआ तो आरोपी मौके से फरार हो गए। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए एक आरोपी को भीड़ ने काठगोदाम पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हालांकि माहौल काठगोदाम थाने में भी गर्माया रहा। जिसके बाद आलाधिकारी भी थाने पहुंचे। शीशमहल निवासी पंकज खत्री की तहरीर पर पुलिस ने टनकपुर रोड राजपुरा निवासी मोहम्मद लारिफ सिद्दीकी पुत्र शहनवाज सिद्दीकी और 40-50 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाने और शहर में माहौल गर्माता देख रात करीब साढ़े 11 बजे एसएसपी पंकज भट्ट थाने पहुंच गए। जबकि एसपी सिटी हरबंस सिंह, सीओ सिटी भूपेंद्र धौनी और कई थानों का फोर्स पहले से ही काठगोदाम थाने में मुस्तैद था। आनन-फानन में 9 टीमें बनाई गई और सभी को आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी में लगा दिया। एसएसपी खुद भोर तक काठगोदाम थाने में बैठ कर दिशा-निर्देश देते रहे। नतीजा यह हुआ कि पुलिस ने भोर से पहले ही 10 आरोपियों को न सिर्फ चिह्नित किया, बल्कि उनकी गिरफ्तारी भी कर ली। अभी इस मामले में 30 से 40 और लोगों को गिरफ्तार किया जाना है।
इस मामले में नामजद लारिफ समेत 10 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ काठगोदाम पुलिस ने धारा 147, 149, 153ए, 323, 504, 506 व 296 आईपीसी के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
ईद पर सुरक्षा पुलिस और खुफिया से लिए चुनौती
इस घटना और महापंचायत के ऐलान के बाद पुलिस और खुफिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती ईद पर सांप्रदायिक सौहार्द्र को बनाए रखना है। बता दें कि मंगलवार को ईद मनाई जानी है और महापंचायत ने इसी दिन तक ही मोहलत पुलिस को दी है।
ऐलान किया गया है कि अगर मंगलवार शाम छह बजे तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो कोतवाली में धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। जिसके बाद पुलिस और खुफिया तंत्र सतर्क हो गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने दोबारा रीविजन शुरू कर दिया है और शहर में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस का दावा है कि वो ईद से पहले ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर लेगी।
तीन तलाश के लिए और तीन खंगाल रहीं सीसीटीवी
पुलिस ने बताया कि मामले से जुड़े नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के साथ 10 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। पुलिस की तीन टीमें घटना स्थल और उससे जुटे रास्तों पर लगे सीसीटीवी खंगाल कर आरोपियों की शिनाख्त में जुटी है। जबकि तीन टीमों को सिर्फ गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।
इसके अलावा थाना बनभूलपुरा, थाना काठगोदाम के साथ कोतवाली पुलिस को भी इस काम में लगाया गया है। बताया जा रहा है कि आवश्यकता पड़ने पर इस काम में एसओजी की मदद भी ली जाएगी। फिलताल तो पुलिस ने सीसीटीवी के अलावा अपना मुखबिर तंत्र भी सक्रिय कर दिया है। इस मामले में अभी तक तीन दर्जन से अधिक लोगों से पूछताछ की जा चुकी है।
ये हैं पथराव और मारपीट के गिरफ्तार 10 आरोपी
1. लारिफ सिद्दीकी (18) पुत्र शहनवाज सिद्दीकी निवासी टनकपुर रोड राजपुरा
2. फैसल (18) पुत्र शेर हसन निवासी वारसी कालोनी गौलागेट शमशान घाट
3. शोएब (18) पुत्र मुस्ताक अहमद निवासी जवाहर नगर शमशान घाट
4. इरशाद (48) पुत्र सफी उल्ला निवासी रानीबाग चौहान पाटा काठगोदाम
5. मोहम्मद शारिक (24) पुत्र आफताब अहमद निवासी टनकपुर रोड वारसी कालोनी वार्ड-14
6. शहजाद (36) पुत्र सरदार अहमद निवासी बेगम सराय खुर्द नई बस्ती अमरोहा उत्तर, हाल पता जैम फैक्ट्री टनकपुर रोड बनभूलपुरा
7. शाकिब (20) पुत्र आफताब निवासी वारसी कालोनी टनकपुर रोड बनभूलपुरा
8. समीर (19) पुत्र सरताज निवासी दुग बाजार बागेश्वर, हाल पता टनकपुर रोड जैम फैक्ट्री वार्ड-14 बनभूलपुरा
9. अरबाज (21) पुत्र जमीरूद्दीन निवासी वार्ड-15 अप्पू टायर वालों के पास जवाहरनगर बनभूलपुरा
10. फईम (36) पुत्र फरीद अहमद निवासी वार्ड-14 जवाहरनगर जैम फैक्ट्री बनभूलपुरा
