राहत : 10 मई से दिल्ली-लखनऊ के लिए पटरी पर दौड़ेगी डबल डेकर ट्रेन
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी की छुट्टी में दिल्ली व लखनऊ जाने यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। इस रूट पर 10 मई से रेलवे डबल डेकर ट्रेन का संचालन करने जा रहा है। दो साल के लंबे इंतजार के बाद यात्री डबल डेकर ट्रेन का आनंद ले सकेंगे। रेलवे ने 10 मई से इस ट्रेन …
मुरादाबाद, अमृत विचार। गर्मी की छुट्टी में दिल्ली व लखनऊ जाने यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। इस रूट पर 10 मई से रेलवे डबल डेकर ट्रेन का संचालन करने जा रहा है। दो साल के लंबे इंतजार के बाद यात्री डबल डेकर ट्रेन का आनंद ले सकेंगे। रेलवे ने 10 मई से इस ट्रेन को सप्ताह में चार दिन चलाने की घोषणा की है।
दो साल पहले आई कोरोना महामारी के कारण रेलवे ने ट्रेनों का संचालन बंद किया था। इसके तहत 21 मार्च 2020 को दिल्ली से लखनऊ जाने वाली डबल डेकर ट्रेन का संचालन भी बंद किया गया था। बाद में कोरोना संक्रमण कम होने पर रेलवे ने ज्यादातर ट्रेनों का संचालन शुरू किया, लेकिन दिल्ली से लखनऊ जाने वाले डबल डेकर ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हुआ था। जबकि यात्री काफी समय से डबल डेकर ट्रेन चलवाने की मांग कर रहे थे, क्योंकि डबल डेकर ट्रेन में मुरादाबाद से आनंद विहार और लखनऊ जाने वाले यात्री काफी संख्या में सफर करते थे। इस ट्रेन के एसी चेयरकार का किराया कम है।
यात्रियों की लगातार मांग के बाद उत्तर रेलवे मुख्यालय ने 10 मई से डबल डेकर चलाने का आदेश दिया है। यह ट्रेन सप्ताह में चार दिन चलेगी। आनंद विहार और लखनऊ से यह ट्रेन हर मंगलवार, गुरुवार, शुक्रवार व शनिवार चलेगी। ट्रेन आनंद विहार के लिए मुरादाबाद से सुबह 10:08 बजे पर और लखनऊ के लिए शाम 4 :58 बजे पर चलेगी। सीनीयर डीसीएम सुधीर सिंह ने बताया कि मुख्यालय से डबल डेकर ट्रेन का संचालन कराने का आदेश आ गया है। 10 मई से डबल डेकर ट्रेन का संचालन सप्ताह में चार दिन कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मंगनी के बाद दहेज के लिए तोड़ा रिश्ता, परिवार ने ट्विटर पर लगाई न्याय की गुहार
