मुरादाबाद: शादी के 15वें दिन ससुराल में फांसी पर लटका मिला युवक
मुरादाबाद, अमृत विचार। शादी के 15वें दिन रामपुर के युवक का शव उसकी ससुराल में फंदे पर लटका मिला। युवक ने 15 अप्रैल को भाई की मौसेरी साली से प्रेम विवाह किया था। युवती के ममेरे भाई एसओजी में तैनात दरोगा ने मंदिर में शादी कराई थी। पीड़ित परिजनों ने हत्या का आरोप लगा पत्नी, …
मुरादाबाद, अमृत विचार। शादी के 15वें दिन रामपुर के युवक का शव उसकी ससुराल में फंदे पर लटका मिला। युवक ने 15 अप्रैल को भाई की मौसेरी साली से प्रेम विवाह किया था। युवती के ममेरे भाई एसओजी में तैनात दरोगा ने मंदिर में शादी कराई थी। पीड़ित परिजनों ने हत्या का आरोप लगा पत्नी, उसके पिता, दो भाइयों व एक अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग है। तहरीर के आधार पर बिलारी पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
रामपुर के पटवाई थानाक्षेत्र के गांव जोलपुर निवासी तेजरतन ने पुलिस को तहरीर में बताया कि उनके छोटे भाई 23 वर्षीय सुमित ने 15 अप्रैल को अपने भाई भूकनलाल की मौसेरी साली राजवती पुत्री कल्लू निवासी ग्राम डोहरी थाना बिलारी जनपद मुरादबाद से प्रेम विवाह किया था। शादी राजवती के मौसेरे भाई संभल में एसओजी में तैनात दरोगा भारत सिंह ने कराई थी। विवाह से राजवती का भाई मंजू, पिता कल्लू, मामा नन्हे व बहनोई श्याम सिंह खुश नहीं थे।
तेजरतन के अनुसार 30 अप्रैल को कल्लू, सुखदेव व उसका मामा उनके भाई सुमित और उसकी पत्नी राजवती को डोहरी गांव ले गए थे। रविवार शाम सात बजे दरोगा भारत ने बताया कि डोहरी गांव में सुमित की हत्या की गई है। बिलारी पुलिस उनके पहुंचने से पहले शव थाने ले आई। पुलिस ने परिजनों को मौके की वीडियो या फोटो नहीं दिखाया। उसका चेहरा नहीं देखने दिया व शव को मोर्चरी भेज दिया। उनकी तहरीर भी नहीं ली। इससे गुस्साए परिजन सोमवार सुबह मोर्चरी पहुंच हत्या का आरोप लगा हंगामा किया।
इंस्पेक्टर सिविल लाइंस आरपी सिंह ने उन्हें शांत कराया। फिर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम बाद शाम चार बजे परिजन शव रखी एंबुलेंस सिविल लाइंस थाने के गेट के सामने खड़ी कर दी। जानकारी पर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस फिर उनको समझाने का प्रयास किया। पीड़ित परिजनों का कहना था कि जब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं होगी, यहां से नहीं हटेंगे। इस पर उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। तहरीर पर देर रात मृतक की पत्नी राजवती, ससुर कल्लू, साले मंजू, राजू व साढ़ू श्याम सिंह पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सुमित की मौत कारण हैंगिंग बताया गया है।
मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर बिलारी थाने में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -विद्यासागर मिश्र, एसपी देहात
ये भी पढ़ें:- मोदी शासन में छाया है बिजली, नौकरी, महंगाई का संकट: राहुल गांधी
