रुद्रपुर: विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने पर सास के खिलाफ केस
रुद्रपुर, अमृत विचार। लोक विहार कॉलोनी निवासी महिला के जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सास पर बहु को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। आरके टेंट हाउस, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी निवासी हरीश चंद्र जोशी …
रुद्रपुर, अमृत विचार। लोक विहार कॉलोनी निवासी महिला के जहर खाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने सास के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सास पर बहु को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
आरके टेंट हाउस, कुसुमखेड़ा, हल्द्वानी निवासी हरीश चंद्र जोशी ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया था कि उन्होंने अपनी पुत्री चंद्रा जोशी का विवाह लोक विहार, रुद्रपुर निवासी आनंद बल्लभ जोशी के साथ वर्ष 2010 में किया था। विवाह के बाद से ही पुत्री की सास हरूली देवी व ननद उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते थे।
ननद का विवाह होने के बाद भी वह अपनी मां को भड़काती थी। जब उनकी पुत्री इसकी जानकारी अपने पति को देती थी तो वह अपनी मां और बहन का पक्ष लेता था। 21 अप्रैल को उनकी पुत्री चंद्रा के साथ उसकी सास हरूली देवी ने खाना बनाने को लेकर कुछ विवाद हुआ था। इसकी जानकारी मिलने पर उन्होंने पुत्री के ससुराल जाकर ससुरालियों को समझानें का प्रयास किया।
लेकिन वह नहीं माने और लगातार उसे परेशान करते रहे। आरोप है कि 23 अप्रैल को पुत्री ने प्रताड़ना से परेशान होकर एक वीडियो अपने भाई विनोद के मोबाइल पर भेजा। जब उन्होंने पुत्री के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया तो नंबर बंद मिला। इस पर वह पुत्री के ससुराल आए तो पता चला कि वह किच्छा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती है। जहां से उसे बरेली रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
हरीश चंद्र जोशी का आरोप था कि उनकी पुत्री ने वीडियो में अपनी सास और ननद के कृत्यों के कारण अपनी जीवन लीला समाप्त करने की बात कही है। उन्होंने पुत्री का मानसिक और शारीरिक रूप से उत्पीड़न करने के आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। कोतवाल विक्रम राठौर ने बताया कि मृतका चंद्रा की सास हरूली के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर मामले में जांच की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जायेगी।
