हल्द्वानी: नीबू महंगा है, पानी से काम चलाएगी पुलिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी के दौरान चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन में उत्तराखंड पुलिस को रीफ्रेश रखने के लिए नीबू पानी, जूस और शीतल पेयजल पिलाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन नीबू के भाव आसमान छू रहे हैं और जूस पुलिस को महंगा पड़ रहा है। इसलिए पुलिस अब सिर्फ पानी से काम …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भीषण गर्मी के दौरान चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन में उत्तराखंड पुलिस को रीफ्रेश रखने के लिए नीबू पानी, जूस और शीतल पेयजल पिलाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन नीबू के भाव आसमान छू रहे हैं और जूस पुलिस को महंगा पड़ रहा है। इसलिए पुलिस अब सिर्फ पानी से काम चलाएगी। फिलहाल, नैनीताल जिले की यातायात में लगी पुलिस को पानी से ही काम चलाना होगा।
बीती 29 अप्रैल को पुलिस उप महानिदेशक यातायात मुख्तार मोहसिन ने अपने आदेश में कहा था चारधाम यात्रा शुरू और पर्यटन सीजन में उत्तराखंड की यातायात पुलिस पर भारी दबाव रहता है। जिस गर्मी में लोग बाहर निकलने से कतराते हैं, उस गर्मी में सड़क पर खड़े होकर पुलिस यातायात को नियंत्रित करती है। ऐसे में यातायात में लगे पुलिस कर्मियों को रिफ्रेश रखने के लिए पुलिस उप महानिदेशक यातायात ने नीबू पानी, जूस और शीतल पेयजल पिलाने के लिए निर्देशित किया था।
इस पर नैनीताल पुलिस ने काम शुरू कर दिया है, लेकिन फिलहाल नैनीताल पुलिस को सिर्फ पानी से काम चलाना पड़ेगा। फिलहाल इतना भी होता है तो पुलिस कर्मियों को राहत जरूर मिलेगी। इधर, नीबू पानी के नाम सामने आने के बाद अब यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि महंगा होने की वजह से अधिकारी पुलिस कर्मचारियों को नीबू पानी पिलाने से कतरा रहे हैं।
मोतीनगर में होती है अग्नि परीक्षा
हल्द्वानी। पुलिस को सबसे ज्यादा मेहनत यातायात डायवर्जन में करनी होती है। खासतौर पर मोतीनगर में। यहां तो छांव है और न ही पीने के लिए पानी। इसके अतिरिक्त भीमताल तिराहे पर भी पानी मिलना मुश्किल हो जाता है। पुलिस ने ऐसे ही करीब आधा दर्जन स्थान चिह्नित किए हैं, जहां वह पीने के पानी का इंतजाम कर रही है।
उन स्थानों को चिह्नित किया जा रहा है, जहां पुलिस को सर्वाधिक परेशानी का सामना करना होता है। ऐसे कुछ स्थान चिह्नित भी कर लिए गए हैं। इन स्थानों पर पेयजल का इंतजाम किया जा रहा है। इस व्यवस्था से पुलिस के साथ पर्यटकों और राहगीरों को भी राहत मिलेगी।
– डॉ.जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम/यातायात
