काशीपुर: पुलिस पर दो स्थानों पर ठेले पलटने और तोड़फोड़ का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। कुछ पुलिस कर्मियों ने मंगलवार की देर रात शहर के जेल रोड व चीमा चौराहे पर ठेलों को पलटने के साथ तोड़फोड़ की। कार्रवाई के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने एसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह और मेयर ऊषा चौधरी के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान व्यापारी नेताओं ने पुलिस की रात में …
काशीपुर, अमृत विचार। कुछ पुलिस कर्मियों ने मंगलवार की देर रात शहर के जेल रोड व चीमा चौराहे पर ठेलों को पलटने के साथ तोड़फोड़ की। कार्रवाई के विरोध में आक्रोशित व्यापारियों ने एसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह और मेयर ऊषा चौधरी के कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान व्यापारी नेताओं ने पुलिस की रात में की गई कार्रवाई को लेकर नाराजगी जताई। एसपी ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द ही इसमें उचित रास्ता निकालने का आश्वासन दिया।
बुधवार को प्रांतीय व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी ने आरोप लगाकर कहा कि एक तरफ रेहड़ी और पटरी पर ठेला लगाने वालों से निगम की तरफ से वसूली भी की जा रही है। वहीं आधी रात को जब पूरा शहर सो रहा था। उस दौरान दो इलाकों में पुलिस इन ठेलों का पलटने के साथ ही तोड़फोड़ की गई। सीसीटीवी फुटेज का हवाला देते हुए व्यापरियों ने कहा कि बीती रात केवल चीमा चौराहे पर ही नहीं बल्कि जेल रोड पर एसपी ऑफिस के सामने भी कई ठेले-रेहड़ियों को गिराया गया है।
चीमा चौराहे और जेल रोड पर खड़े रहने वाले ठेले-रेहड़ियों को गिरा कर तोड़फोड़ की गई है। जेल रोड पर फड़ वाले की मेजों को तहस-नहस किया गया है, उससे आगे डुग्गू फास्ट फूड का स्टॉल गिराया गया है तो एसपी ऑफिस के पास स्थित पार्किंग में भी दो स्टॉलों को गिराया गया है। आक्रोशित व्यापारी और ठेले वाले एसपी ऑफिस के बाहर नारेबाजी करते हुए एसपी चंद्रमोहन सिंह से मिले। इस दौरान व्यापारियों ने पुलिस की कार्रवाई को गलत बताते हुए अपनी बात रखी।
मामले पर एसपी काशीपुर चंद्रमोहन सिंह ने कहा कि शहर में अतिक्रमण बढ़ने के चलते दिक्कत हो रही है। प्रशासन की और निर्देश है कि पर्यटन सीजन होने के नाते मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखा जाए, जिसको लेकर कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस दौरान व्यापारियों के प्रतिनिधित्व मंडल ने मेयर ऊषा चौधरी से बातचीत कर अपनी समस्याएं रखी। प्रदर्शन करने वालों में राजीव परनामी, विपिन कुमार, मदन यादव, मनोज कुमार, छोटे लाल, चुन्ना लाल आदि शामिल रहे।
