नैनीताल, काठगोदाम, ज्योलीकोट, हल्द्वानी में बारिश, मौसम बना सुहाना
नैनीताल/हल्द्वानी,अमृत विचार। सरोवरी नगरी में बीते दो दिनों से काले बादल छाने और हल्की बारिश होने से एकाएक ठंड में बढ़ोतरी हो गई। वहीं, शुक्रवार दोपहर के समय ज्योलीकोट क्षेत्र में तेज बारिश हुई तो वहीं शाम के समय नैनीताल में बूंदाबांदी हुई। नैनीताल में सुबह से ही मौसम सुहाना बना रहा। ठंडी हवाओं के …
नैनीताल/हल्द्वानी,अमृत विचार। सरोवरी नगरी में बीते दो दिनों से काले बादल छाने और हल्की बारिश होने से एकाएक ठंड में बढ़ोतरी हो गई। वहीं, शुक्रवार दोपहर के समय ज्योलीकोट क्षेत्र में तेज बारिश हुई तो वहीं शाम के समय नैनीताल में बूंदाबांदी हुई।
नैनीताल में सुबह से ही मौसम सुहाना बना रहा। ठंडी हवाओं के साथ बादल छाने से ठंड में भी इजाफा होने लगा है। नैनीताल भ्रमण में आए पर्यटको ने जमकर खरीदारी करी। पर्यटक गर्म कपड़े खरीदते हुए भी दिखाई दिए। नैनीझील में नौकायान का लुत्फ भी उठाया। मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के मुताबिक अधिकतम तापमान 22.2 व न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि अगले दो दिनों में नैनीताल में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
उधर, हल्द्वानी शहर में शुक्रवार को हल्के छींटे पड़े। काठगोदाम में हल्की बारिश हुई। पूरे दिन धूप और छांव का खेल चलता रहा। हालांकि, तापमान में थोड़ी कमी दर्ज की गई। शहर में पूर्वाह्न से बादल छाने शुरू हो गये थे। दोपहर बाद आसामान काले बादलों से ढक गया। काठगोदाम में हल्की बारिश से यहां भी मौसम सुहावना हो गया। काफी देर बादल छाए रहने की वजह से शहर में तेज धूप से राहत रही।
अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 21.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.1 और न्यूनतम 11.3 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पिथौरागढ़ के कनालीछीना में 24 मिमी, गंगोलीहाट में 18 मिमी, डीडीहाट में 16 मिमी, पिथौरागढ़ में 11.5 मिमी, बेरीनाग में 7.5 मिमी बारिश हुई है। बागेश्वर जिले के लोहारखेत में 11 मिमी, शामा में 7.5 मिमी बारिश हुई है। इन दोनों ही जिलों में हो रही तेज बारिश से वनाग्नि की घटनाओं पर रोक लग गई है। हालांकि, कुमाऊं मंडल के बाकी जिलों में सामान्य से कम बारिश हो रही है।
