नैनीताल : एसडीएम के आदेश के बावजूद जमे रहे अवैध फड़
नैनीताल, अमृत विचार। एसडीएम की चेतावनी के बावजूद पंत पार्क में अवैध रूप से फड़ लगाए जा रहे हैं। गुरुवार को बैंड स्टैंड के पास कई जगहों पर व्यवसायियों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अपनी दुकानें लगाईं। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन की ओर से चेतावनी देने के बाद भी लोग मानने …
नैनीताल, अमृत विचार। एसडीएम की चेतावनी के बावजूद पंत पार्क में अवैध रूप से फड़ लगाए जा रहे हैं। गुरुवार को बैंड स्टैंड के पास कई जगहों पर व्यवसायियों ने नियमों का उल्लंघन करते हुए अपनी दुकानें लगाईं। हैरानी की बात यह है कि प्रशासन की ओर से चेतावनी देने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं हैं। वहीं, अवैध रूप से फड़ लगने के बाद भी प्रशासन की ओर से किसी अधिकारी ने मौके का मुआयना करना उचित नहीं समझा।
मालूम हो कि मंगलवार और बुधवार को नैनीताल के पंत पार्क में अवैध फड़ लगाने वालों पर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई थी। वहीं, बुधवार को एसडीएम प्रतीक जैन के नेतृत्व में 16 लोगों का सामान जब्त कर लिया गया था। एसडीएम ने चेतावनी दी थी कि नगर पालिका के अधीन आने वाले पंत पार्क में अब अगर अवैध रूप से फड़ लगाने की शिकायत मिली तो इसके लिए ईओ जिम्मेदार होंगे और उनके उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
नगर पालिका और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने पंत पार्क क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध फड़ व्यवसायियों को वहां से हटाकर उन्हें नियमानुसार फड़ लगाने के निर्देश दिए थे। एसडीएम प्रतीक जैन ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा था कि हाईकोर्ट के आदेशों का उल्लंघन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम ने दो टूक कहा था कि बैंड स्टैंड के पास फड़ नहीं लगाए जाएंगे। वहीं, वेंडर जोन में एक ही तरफ फड़ लगाए जाएंगे, जिसके लिए शाम के चार बजे से शाम के छह बजे तक का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन इन सबके बावजूद नियमों की अनदेखी की जा रही है। शाम तीन बजे ही फड़ लगाने शुरू हो गए हैं। साथ ही बैंड स्टैंड के पास भी बेतरतीब तरीके से फड़ लगाए जा रहे हैं।
