हल्द्वानी में आधे घंटे में 21.5 मिमी बरसे बदरा
हल्द्वानी, अमृत विचार। गुरुवार को तूफान के बाद नैनीताल जिले में मूसलधार बारिश हुई है। कई स्थानों पर कुछ ही मिनटों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इससे पहाड़ों में बारिश नहीं होने की वजह से हो रही दिक्कतों से लोगों को निजात मिली है। एक मई से मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है। …
हल्द्वानी, अमृत विचार। गुरुवार को तूफान के बाद नैनीताल जिले में मूसलधार बारिश हुई है। कई स्थानों पर कुछ ही मिनटों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इससे पहाड़ों में बारिश नहीं होने की वजह से हो रही दिक्कतों से लोगों को निजात मिली है।
एक मई से मौसम पूरी तरह से बदला हुआ है। गुरुवार की रात हल्द्वानी में तेज आंधी। इसके बाद बारिश शुरू हो गई। पहाड़ों में पहले से ही बारिश हो रही थी। हल्द्वानी में रात को बारिश हुई। बारिश होने के साथ ही तापमान में गिरावट आई और मौसम ठंडा हो गया। लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार मार्च से लेकर मई तक आंधी के साथ बारिश आना सामान्य घटना है। यहां मौसम पहले से ही बदला हुआ था। इसलिये आंधी के बाद बारिश का भी दौर शुरू हो गया। बताया कि कुमाऊं मंडल के पिथौरागढ़ जिले में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। नैनीताल जिले में भी अच्छी बारिश हुई है।
अब मौसम 15 मई तक साफ रहेगा। इसके बाद 16 से 18 मई तक एक बार फिर से मौसम में बदलाव होगा और कुमाऊं मंडल में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार अब गर्मी का ज्यादा प्रकोप झेलने को नहीं मिलेगा। जहां तक अनुमान है कि अब समय-समय पर बारिश होती रहेगी। इधर, शुक्रवार की सुबह हल्द्वानी में बादल छाये हुये थे। हालांकि दोपहर होने के साथ ही मौसम में परिवर्तन बदला और धूप निकल गई। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री दर्ज किया गया है।
15 जून तक उत्तराखंड में आ सकता है मानसून
हल्द्वानी। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को स्पष्ट हो गया है कि केरल में मानसून 27 मई तक पहुंचेगा। केरल में मानसून अपनी सामान्य तिथि से करीब चार दिन पहले पहुंच रहा है। उत्तराखंड में मानसून अमूमन 20 से 21 जून तक दस्तक देता है। इस बार यहां 15 जून तक मानसून के आने की संभावना है। हालांकि इसमें बदलाव होने की संभावना भी है।
गुरुवार की रात नैनीताल जिले में हुई बारिश
नैनीताल-22.5 मिमी
हल्द्वानी-21.5 मिमी
ज्योलीकोट-16.5 मिमी
रामनगर-12.5 मिमी
भीमताल-9.5 मिमी
मार्च से लेकर मई तक आंधी के साथ बारिश आना आम घटना है। शुक्रवार को भी कुमाऊं के कुछ हिस्सों में बारिश हुई है। 16 से 18 मई के दौरान कुमाऊं में फिर से बारिश होने की संभावना है।
– डॉ. विक्रम सिंह, निदेशक, मौसम विज्ञान केंद्र, उत्तराखंड
