हल्द्वानी: कुमाऊं विश्वविद्यालय ने गणित के अधूरे प्रश्नों के साथ भेज दिए प्रश्नपत्र, मची खलबली
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी महाविद्यालय में परीक्षा के दौरान तब अचानक खलबली मच गई, जब एमएससी के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र पर ही सवाल खड़े कर दिए। परीक्षार्थियों ने पेपर में अधूरे प्रश्न होने की बात कही तो कॉलेज प्रशासन भी सन्न रह गया। प्रश्नपत्र चेक किए गए और फिर कुमाऊं विश्वविद्यालय को …
हल्द्वानी, अमृत विचार। एमबीपीजी महाविद्यालय में परीक्षा के दौरान तब अचानक खलबली मच गई, जब एमएससी के प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्रश्नपत्र पर ही सवाल खड़े कर दिए। परीक्षार्थियों ने पेपर में अधूरे प्रश्न होने की बात कही तो कॉलेज प्रशासन भी सन्न रह गया। प्रश्नपत्र चेक किए गए और फिर कुमाऊं विश्वविद्यालय को इस संबंध में सूचित किया गया। इसके बाद प्रश्न पत्र बदला गया। लेकिन इस अव्यवस्था के कारण परीक्षा आधा घंटा से ज्यादा देरी से शुरू हुई।
शुक्रवार को एमएससी प्रथम सेमेस्टर का गणित का पेपर था। सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक यह परीक्षा आयोजित होनी थी। एमबीपीजी महाविद्यालय में इस परीक्षा के लिए करीब 80 विद्यार्थी पंजीकृत थे। जब विद्यार्थियों की टेबल पर प्रश्नपत्र आया तो उसे देखकर वे चौंक गए। पेपर में 15 में से 12 प्रश्न अधूरे और गलत थे और किताब से पूरी तरह से हटकर थे। इसकी जानकारी जब विद्यार्थियों ने महाविद्यालय प्रशासन को दी तो प्रश्नपत्र की जांच हुई।
विद्यार्थियों की शिकायत सही पाई गई, जिसके बाद विवि को इससे सूचित किया गया। उसके बाद विवि ने दूसरे प्रश्नपत्र कॉलेज को भेजे और फिर साढ़े 11 बजे के बाद परीक्षा शुरू हो सकी। परीक्षार्थियों की माने तो दूसरा पेपर भी पूरी तरह से सही नहीं था, उसमें भी दो से तीन प्रश्न गलत थे। हालांकि फिर इसकी शिकायत उन्होंने नहीं की।
प्रश्नपत्र अधूरे होने की शिकायत परीक्षार्थियों ने की थी। इसकी सूचना विवि को दी गई और फिर जल्द ही दूसरे पेपर भी महाविद्यालय पहुंच गए थे। परीक्षार्थियों को उस प्रश्नपत्र के लिए पूरे तीन घंटे का समय दिया गया था। – डॉ. महेश कुमार, परीक्षा प्रभारी, एमबीपीजी महाविद्यालय।
