हल्द्वानी में गरजे व्यापारी, बोले- हमें चोर समझना बंद करें प्रशासनिक अधिकारी, वरना होगा बड़ा आंदोलन
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज नगर निगम हल्द्वानी के सभागार में संपन्न हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि प्रशासन अगर व्यापारियों का चालान, अतिक्रमण, कालाबाजारी के नाम पर उत्पीड़न जारी रखेगा तो इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर …
हल्द्वानी, अमृत विचार। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक आज नगर निगम हल्द्वानी के सभागार में संपन्न हुई, जिसमें निर्णय लिया गया कि प्रशासन अगर व्यापारियों का चालान, अतिक्रमण, कालाबाजारी के नाम पर उत्पीड़न जारी रखेगा तो इसके खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर ने कहा कि एक ओर पिछले तीन साल से महामारी के चलते छोटे दुकानदार, ट्रांसपोर्टर, पर्यटन कारोबारी आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर प्रशासन कभी अतिक्रमण के नाम पर तो कभी कालाबाजारी और चालान के नाम पर व्यापारियों को परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि हम न तो अतिक्रमण के पक्षधर हैं और न ही कालाबाजारी व टैक्स चोरी के, लेकिन प्रशासन जिस तरीके से बाजार में घूम कर आतंक फैला रहा है और व्यापारियों को डराने का काम कर रहा है उसे किसी भी कीमत पर बर्दास्त नही किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कारोबारियों से ही टैक्स जाता है लेकिन अधिकारी समस्या के समाधान के बजाय परेशानी पैदा कर रहे है। संरक्षक नंद किशोर कपिल ने कहा कि प्रशासन सैंपलिंग करे, अतिक्रमण हटाए और चालान भी करें पर नियम कानून के दायरे में रहकर करे। प्रशासन को नियम कानून की आड़ में बाजार में दहशत नहीं फैलानी चाहिए। ऑनलाइन व्यापार से कारोबार चौपट हो गया है पर प्रशासन ऑनलाइन बिजनेस को बढ़ावा दे रहा है जबकि टैक्स देने वाले आम कारोबारियों को परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल्द ही व्यापारियों का एक प्रतिनिधिमंडल प्रशासनिक अधिकारियों से मिलेगा, अगर प्रशासन के रवैय्ये में सुधार नहीं आया तो राज्य के व्यापारी सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। संचालन प्रदेश महामंत्री राजकुमार केसरवानी व जगमोहन चिलवाल ने संयुक्त रूप से किया। बैठक के अंत में दो मिनट का मौन रख कर महेश बेलवाल के निधन पर शोक प्रकट किया गया।
इस मौके पर महानगर महिला इकाई अध्यक्ष काजल खत्री, महामंत्री आशा शुक्ला, नव मनोनीत संरक्षक मंडल के सदस्य पृथ्वी पाल सिंह रावत, प्रदेश युवा प्रभारी आफत हुसैन, जीवन सिंह कार्की, भीमताल अध्यक्ष संदीप पांडे, हल्द्वानी ग्रामीण अध्यक्ष हर्ष जलाल, हल्द्वानी महानगर महामंत्री अजय कृष्ण गोयल, बैक्वेट हॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज खुल्बे, ट्रांसपोर्टर हरजीत सिंह चड्ढा, अवध बिहारी, राकेश बेलवाल, जाकिर हुसैन, विक्की योगी, सुमित जोशी, प्रदेश मंत्री रमेश जोशी, राजेश अधिकारी, भुवन दानी, पीयूष चतुर्वेदी, नफीस अहमद खान, रमेश चंद्र उपाध्याय , आदर्श पाल सिंह, बृजमोहन सिजवाली, अतुल गुप्ता, अनिल तिवारी, रवि गुप्ता, तेजेंद्र सिंह चड्ढा, सुशील भट्ट, रंजीत साहू, दीपक रौतेला, फिदा हुसैन आदि रहे ।
