हल्द्वानी: मुखानी में चोरों ने तोड़ा शोरूम का ताला, 10 लाख का माल उड़ाया
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कालाढूंगी रोड पर थाने के पास स्थित एक शोरूम में दाखिल हुए चोरों ने दस लाख से अधिक के माल पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची मुखानी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश में …
हल्द्वानी, अमृत विचार। मुखानी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया। कालाढूंगी रोड पर थाने के पास स्थित एक शोरूम में दाखिल हुए चोरों ने दस लाख से अधिक के माल पर हाथ साफ किया और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची मुखानी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश में जुट गई है। घटना को अंजाम देते हुए एक नकाबपोश की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है।
कालाढूंगी रोड पर लोहरिया साल मल्ला में अमित केसरवानी का मार्बल एंड ग्रेनाइट का शोरूम है। अमित ने बताया कि बीती 9 मई को काम खत्म होने के बाद रात शोरूम बंद कर वह और उनके कर्मचारी घर चले गए थे। सुबह जब शोरूम खोलने आये तो शटर पर लगा ताला टूटा पड़ा था और शोरूम के पीछे की खिड़की टूटी हुई थी। शोरूम के अंदर चोरों ने हर कोना खंगाल डाला था। चोरों को यहां से कैश तो नहीं मिला, लेकिन चोर बाथ फिटिंग और सीपी फिटिंग के 702 पीस ले गए। अमित के मुताबिक 10 लाख रुपए से अधिक का माल चोर ले गये हैं। मुखानी पुलिस ने अमित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हु़ड और मास्क वाले चोर ने तोड़ डाले सीसीटीवी
हल्द्वानी। चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी में सिर्फ एक ही चोर दिखाई दे रहा है और इस चोर ने हुड और मास्क पहनकर अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। जैसे ही सीसीटीवी सामने पड़ता तो ये चोर अपने हाथ से चेहरा ढक लेता, सीसीटीवी को तोड़ता भी चोर दिखाई दे रहा है।
