हल्द्वानी: गाली देने पर जिगरी दोस्त को पत्थर से कुचलकर मार डाला… देखें VIDEO

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। दमुवाढूंगा क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो दोस्तों के बीच हुए विवाद और फिर गालीगलौच के चलते एक दोस्त ने अपने ही जिगरी दोस्त की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इस दिल दहलाती घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार को पहले दोनों दोस्तों में किसी बात को …

हल्द्वानी,अमृत विचार। दमुवाढूंगा क्षेत्र में शराब पीने के बाद दो दोस्तों के बीच हुए विवाद और फिर गालीगलौच के चलते एक दोस्त ने अपने ही जिगरी दोस्त की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इस दिल दहलाती घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रविवार को पहले दोनों दोस्तों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद एक दोस्त ने दूसरे को पहले थप्पड़ मारा फिर मां-बहन की गाली दे दी। यह बात हत्यारोपी को चुभ गई।

देखें वीडियो: मां-बहन की गाली दी तो जिगरी दोस्त को मार दिया

इसके बाद हत्यारोपी ने जिगरी दोस्त के अकेले होने का इंतजार किया और जैसे ही वह मौका मिला उसे बेरहमी से मार डाला और मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस से बच नहीं सका। बेरहमी से हुए इस कत्ल की सनसनीखेज वारदात वहीं लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई।

पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी।

जवाहर ज्योति दमुवाढूंगा तोक पनियाली निवासी प्रकाश वैरागी (25) पुत्र वासुदेव वैरागी परिवार में सबसे छोटा और मजदूरी करता था। प्रकाश के पड़ोस में उसके जिगरी दोस्त मोहित चंद्र आर्या उर्फ मंकू (20) पुत्र दीवान चंद्र आर्या का घर है। बताया जाता है कि बीते शनिवार को प्रकाश और मोहित ने पार्टी का प्लान किया। प्रकाश ने घर पर ये बताया कि वह काम पर जा रहा है, लेकिन वह मोहित व अन्य साथियों के साथ घूमने निकल गया।

उन्होंने दिन से ही शराब पीनी शुरू की और शाम ढलते-ढलते सभी अपने मोहल्ले में पहुंच गए। बताया जाता है कि यहां भी शराब पी गई और इसी दौरान प्रकाश और मोहित के बीच कहासुनी हो गई। प्रकाश ने मोहित के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया और उसे मां-बहन की गाली दी। मौके पर प्रकाश के और भी साथी थे तो मोहित कुछ कर नहीं पाया और गुस्से को दिल में दबाए वहां से चला गया। मोहित ने प्रकाश को जान से मारने का प्लान बना लिया और वह प्रकाश के अकेले होने के इंतजार में आस-पास घूमता रहा।

देर रात जब प्रकाश घर की ओर बढ़ा तो मोहित ने पीछे से हमला कर दिया। पीछे से पैर मारते ही प्रकाश जमीन पर गिर गया, जिसके बाद वहीं पड़े पत्थर से मोहित ने सिर और चेहरे पर हमले शुरू कर दिया। मोहित तब तक हमले करता रहा, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद मोहित सीधे अपने घर चला गया। खून से सने कपड़े बदलकर वह भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस को कत्ल की भनक लग चुकी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल करती हुई मोहित के घर तक पहुंच गई। चूंकि वारदात सीसीटीवी में कैद हो चुकी थी तो पुलिस को हत्यारोपी पहचानने में ज्यादा मुश्किल नहीं हुई।

हत्यारोपी बोला, मार दिया तेरे बेटे को
मुखानी पुलिस को दी तहरीर में मृतक के पिता बताया कि रात मोहल्ले में हल्ला मचा कि मोहित ने प्रकाश को मार दिया है। यह सुन घरवाले घटनास्थल की ओर दौड़े तो सामने से मोहित आर्या खून से सने कपड़ों में घर की ओर आता दिखाई दिया। परिजनों ने उससे उससे प्रकाश के बारे में पूछा तो उसने कहा कि साला मुझे मां-बहन की गाली दे रहा था, मैंने मार दिया तेरे बेटे को, जिसके बाद पड़ोसी कैलाश आर्या ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।

संबंधित समाचार