काशीपुर: महिला डॉक्टर का दो डॉक्टरों पर अपमानित करने का आरोप
काशीपुर, अमृत विचार। एक महिला डॉक्टर ने मेडिकल काउंसिल देहरादून के दो डॉक्टरों पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर ने राज्य महिला आयोग को पत्र भेजकर कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है। गायनॉकोलॉजिस्ट सर्जन डॉ. शिल्पा मुरकुटे ने राज्य महिला आयोग को भेजे पत्र में कहा कि वह काशीपुर …
काशीपुर, अमृत विचार। एक महिला डॉक्टर ने मेडिकल काउंसिल देहरादून के दो डॉक्टरों पर अपमानित करने का आरोप लगाया है। महिला डॉक्टर ने राज्य महिला आयोग को पत्र भेजकर कार्रवाई न होने पर आत्महत्या की चेतावनी दी है।
गायनॉकोलॉजिस्ट सर्जन डॉ. शिल्पा मुरकुटे ने राज्य महिला आयोग को भेजे पत्र में कहा कि वह काशीपुर में प्राइवेट प्रैक्टिस करती है। काशीपुर के एक अस्पताल में उसका फोटो लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गईं थीं। अस्पताल और शुभकामना संदेश की उन्हें कोई जानकारी नहीं थी।
उत्तराखंड मेडिकल काउंसिल देहरादून से नोटिस आने के बाद इस प्रकरण की जानकारी हुई। उसे मेडिकल काउंसिल देहरादून में बुलाया गया। जहां दो डॉक्टरों ने उसे अपमानित किया और मेडिकल काउंसिल का रजिस्ट्रेशन रद्द करने की धमकी देते हुए 150 मेडिकल सेमिनार कराने की सजा दी।
कहा कि एक सेमिनार कराने का खर्च 25 हजार रुपये आता है। आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने उससे अभद्रता से बात की। गुरुवार को जब उसने एक डॉक्टर से फोन पर वार्ता की तो डॉक्टर ने जेल भिजवाने की धमकी दी। कहा कि दोनों डॉक्टरों से उसे जान का खतरा है।
वह काशीपुर में अकेली रहती है और डायबिटीज व ब्लड प्रेशर की मरीज है। कहा कि डॉक्टरों के व्यवहार से यदि वह आत्महत्या जैसा कोई कदम उठाती है तो उसकी हत्या के जिम्मेदार दोनों डॉक्टर होंगे।
