किच्छा: रास्ते से जेसीबी हटाने को लेकर भाई की हत्या
किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में रास्ते के बीच खड़ी जेसीबी हटाने की मामूली बात पर दो सगे भाइयों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर छोटे भाई पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए …
किच्छा, अमृत विचार। कोतवाली अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र में रास्ते के बीच खड़ी जेसीबी हटाने की मामूली बात पर दो सगे भाइयों के बीच जमकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर बड़े भाई ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर छोटे भाई पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। हालत बिगड़ने के बाद घायल की मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर हत्या के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच शुरू करते हुए कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में ले लिया है। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कोतवाली अंतर्गत ग्राम सैजना में नबी हसन (45) तथा जमाल हसन का परिवार रहता है। ग्रामीणों के अनुसार गली के एक छोर पर नबी हसन तथा दूसरे छोर पर बड़े भाई जमाल हसन का घर है। आरोप है कि जमाल हसन अपने घर के सामने गली में जेसीबी खड़ी कर देता है जिससे छोटे भाई नबी हसन सहित तमाम ग्रामीणों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
नबी हसन का परिवार सब्जी ढोने का काम करता है तथा उसका पुत्र फुरकान अपने वाहन से सब्जी लेकर उसी रास्ते से गुजरता है। नबी हसन के परिवार का आरोप है कि सुबह तड़के जब वह घर से निकलता है तो जेसीबी खड़ी होने के कारण रास्ता बंद होने से उसे परेशानी होती है। इसी विवाद को लेकर जमाल हसन का अपने छोटे भाई नबी हसन से विगत कई दिनों से विवाद चल रहा है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार की रात जमाल हसन ने अपनी जेसीबी को फिर से गली में खड़ा कर दिया तथा मध्य रात्रि को जेसीबी के विवाद में दोनों भाइयों का परिवार आमने-सामने आ गया। आरोप है कि जमाल हसन ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर छोटे भाई नबी हसन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में नबी हसन गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर नबी हसन के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने देर रात्रि गंभीर अवस्था में नबी हसन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा पहुंचाया।
जहां उपचार के बाद परिजन नबी हसन को घर वापस ले गए। बुधवार की सुबह तड़के करीब 4:00 बजे नबी हसन की हालत फिर से खराब हो गई, जिसके बाद परिजन उसे सीएचसी किच्छा ले आए। जहां चिकित्सकों ने जांच के उपरांत नबी हसन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी हरकत में आ गई और सीएचसी किच्छा पहुंची कोतवाली पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। नबी हसन की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
मृतक के पुत्र ने दर्ज कराई रिपोर्ट
मृतक नबी हुसैन के पुत्र फुरकान ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए कहा कि मंगलवार की रात्रि करीब 12:00 बजे पुरानी रंजिश के चलते उसके ताऊ जमाल हसन, ताजुद्दीन, रमीशा बानो पत्नी जमाल हसन, बली हसन, शहाबुद्दीन पुत्र जमाल हसन तथा उनके दामाद तौफीक ने एक राय होकर रास्ते में जेसीबी खड़ी कर रास्ता बंद कर दिया। फुरकान ने आरोप लगाया कि उसके पिता नबी हसन द्वारा मशीन को हटाए जाने की मांग करने पर आरोपियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। जिसमें घायल नबी हसन की मौत हो गई। मृतक के पुत्र फुरकान ने सभी नामजद आरोपियों पर सोची समझी साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया है। कोतवाली प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
