हल्द्वानी: 900 राशन कार्ड हुए सरेंडर, 500 नये राशन कार्ड बने

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। अपात्र को न और पात्र को हां अभियान के तहत जिले में जहां अपात्र लोगों के राशन कार्ड सरेंडर हो रहे हैं तो वहीं नये लोगों के राशन कार्ड बनाये जाने का काम जारी है। इससे उन लोगों को मौका मिल रहा है, जिनको राशन कार्ड बनाने के लिये लंबा इंतजार करना पड़ …

हल्द्वानी,अमृत विचार। अपात्र को न और पात्र को हां अभियान के तहत जिले में जहां अपात्र लोगों के राशन कार्ड सरेंडर हो रहे हैं तो वहीं नये लोगों के राशन कार्ड बनाये जाने का काम जारी है। इससे उन लोगों को मौका मिल रहा है, जिनको राशन कार्ड बनाने के लिये लंबा इंतजार करना पड़ रहा था।

विगत दिनों सरकार ने घोषणा की थी जो लोग सक्षम हैं और उसके बाद भी सरकारी राशन ले रहे हैं। वो अपने राशन कार्ड को रद करवा दें। अन्यथा उन सभी लोगों की जांच की जायेगी और एक जून से उन पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी। सरकार के इस फरमान का असर भी दिखा। 21 मई तक नैनीताल जिले में 900 राशन कार्ड धारक अपने राशन कार्ड जमा करा चुके हैं। विभाग की तरफ से बताया गया कि इन राशन कार्डों से करीब 5000 यूनिटों को राशन दिया जा रहा था। इनमें सामान्य राशन कार्ड के साथ ही गरीबी रेखा से नीचे और अंत्योदय राशन कार्ड शामिल हैं।

इन राशन कार्डों के रद होने के साथ ही जिन नये लोगों के राशन कार्ड बनने के लिये प्रतिक्षा सूची में थे अब उनका नंबर आने लगा है। जिले में अभी तक 500 लोगों के नये राशन कार्ड बनाये जा चुके हैं। विभाग को अनुमान है कि 31 मई तक और भी लोग अपने राशन कार्ड जमा करायेंगे। इसके बाद और भी लोगों को नये राशन कार्ड बनाने का मौका मिलेगा।

नियम के तहत सालाना 1.80 लाख तक पारिवारिक आय वाले परिवार प्राथमिक परिवार के दायरे में आते हैं। ऐसे परिवारों को प्रति यूनिट पांच किलो खाद्यान्न मिलता है। अंत्योदय में गंभीर बीमार, एकल महिला-पुरुष के अलावा 48 हजार रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों को प्रति माह 35 किलो राशन मिलता है। सालाना पांच लाख तक आय वाले परिवारों को राज्य खाद्य सुरक्षा योजना से तहत प्रति परिवार 7.5 किलो राशन देय है।

अपात्र को न और पात्र को हां अभियान के तहत जिले में अभी तक 900 लोग अपने राशन कार्ड जमा करा चुके हैं और करीब 500 लोगों के नये राशन कार्ड बन गये हैं। – एमके बर्मन, जिला पूर्ति अधिकारी नैनीताल 

संबंधित समाचार