उत्तराखंड: यूके 20 नंबर से होगी रानीखेत के वाहनों की पहचान, ताड़ीखेत जीजीआईसी के पुराने भवन में खुलेगा एआरटीओ कार्यालय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रानीखेत, अमृत विचार। कई वर्षों से रानीखेत में उप संभागीय परिवहन कार्यालय खोलने को लेकर मांग उठती रही। परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने पिछले दिनों रानीखेत क्षेत्र में एआरटीओ कार्यालय जल्द खोलने की घोषणा की थी, जो अब साकार होती नजर आ रही है। विभाग ने ताड़ीखेत स्थित जीजीआईसी के पुराने भवन में उप …

रानीखेत, अमृत विचार। कई वर्षों से रानीखेत में उप संभागीय परिवहन कार्यालय खोलने को लेकर मांग उठती रही। परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने पिछले दिनों रानीखेत क्षेत्र में एआरटीओ कार्यालय जल्द खोलने की घोषणा की थी, जो अब साकार होती नजर आ रही है।

विभाग ने ताड़ीखेत स्थित जीजीआईसी के पुराने भवन में उप संभागीय परिवहन कार्यालय खोलने के लिए उसे चिन्हित कर लिया है। जानकारी के अनुसार एक माह के अंदर कार्यालय यहां अस्तित्व में आ जाएगा, जिससे अब यूके 20 नंबर से रानीखेत के वाहनों की पहचान होगी।

गौरतलब है कि रानीखेत में उप संभागीय परिवहन कार्यालय खोले जाने की मांग कई वर्षों से चली आ रही थी लेकिन भवन नहीं मिलने के कारण यहां एआरटीओ कार्यालय की स्थापना नहीं हो पाई। विगत माह यहां पहुंचे परिवहन मंत्री चंदन राम दास ने एआरटीओ कार्यालय जल्द खोजने की घोषणा की थी जो अब धरातल पर उतरने जा रही है। इसके लिए ताडीखेत जीजीआईसी के पुराने भवन को चुना गया है।

आरटीओ प्रवर्तन शैलेश तिवारी ने बताया कि एक माह के अंदर रानीखेत के ताड़ीखेत में कार्यालय अस्तित्व में आ जाएगा। इसके उद्घाटन की तैयारी भी प्रारंभ कर दी गई है। उन्होंने बताया कि यहां नया स्टाफ नियुक्त किया जाएगा। एआरटीओ कार्यालय खुलने से रानीखेत सहित उपमंडल क्षेत्र के भतरोजखान, भिकियासेन, स्याल्दे, सल्ट, चौखुटिया और द्वाराहाट के वाहन चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन फिटनेस सहित तमाम कार्यों के लिए अल्मोड़ा आरटीओ कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा।

साल 2016-17 में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने रानीखेत और रामनगर में एआरटीओ कार्यालय खोलने की घोषणा की थी। 4 वर्ष पूर्व रामनगर में एआरटीओ कार्यालय खोल दिया गया था किंतु रानीखेत में यह कार्यालय नहीं खुल पाया। रानीखेत पहुंचे परिवहन मंत्री चंदन राम दास से क्षेत्रीय विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने यहां एआरटीओ कार्यालय खोलने की मांग की थी।

मंत्री ने अधिकारियों को कार्यालय खोलने के निर्देश दिए थे। जिसके तहत भवन चयन करने की कवायद तेज हो गई थी। ताड़ीखेत स्थित जीजीआईसी के पुराने भवन को चिन्हित कर लिया गया है। एआरटीओ कार्यालय खोलने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं व नगरवासियों ने आभार व्यक्त किया।

संबंधित समाचार