हल्द्वानी: बोले व्यापारी- पार्किंग शुल्क लगाने से टीपी नगर का कारोबार हो जाएगा चौपट, मदद कीजिए सिटी मजिस्ट्रेट मैडम
हल्द्वानी, अमृत विचार। ट्रांसपोर्ट नगर में प्रशासन की ओर से पार्किंग शुल्क लगाए जाने की सुगबुगाहट के बीच व्यापारियों के सब्र का बांध भी टूटता जा रहा है। गुरुवार को ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का एक शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह से मिला और पार्किंग शुल्क न लगाए जाने की मांग की। बताते …
हल्द्वानी, अमृत विचार। ट्रांसपोर्ट नगर में प्रशासन की ओर से पार्किंग शुल्क लगाए जाने की सुगबुगाहट के बीच व्यापारियों के सब्र का बांध भी टूटता जा रहा है। गुरुवार को ट्रांसपोर्ट नगर व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों का एक शिष्टमंडल सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह से मिला और पार्किंग शुल्क न लगाए जाने की मांग की। बताते चलें कि एक दिन पहले भी ट्रांसपोर्ट व्यापारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रशासन के इस निर्णय का विरोध किया था।

एसोसिएशन के महामंत्री प्रदीप सबरवाल ने कहा कि कोरोना काल की वजह से ट्रांसपोर्ट व्यापार पहले से ही मंदी से गुजर रहा है। डीजल की बढ़ती कीमतों ने भी प्रभावित किया है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट नगर में प्रशासन की ओर से टीपी नगर में पार्किंग शुल्क लगाए जाने के निर्णय ने कारोबारियों को चिंता में डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि टीपी नगर में मिस्त्री, वेल्डर समेत कई कारोबार होते हैं। जहां रोजाना पहाड़ और मैदान से कई व्यापारी अपना काम कराने आते हैं, ऐसे में पार्किंग शुल्क वसूले जाने से टीपी नगर के कारोबार में गिरावट आएगी और छोटे कारोबारी बेरोजगार हो जाएंगे। इस मौके पर अध्यक्ष अमरजीत सिंह सेठी, खीमानंद शर्मा, सौरभ अग्रवाल, मुकेश खन्ना, इंद्र भुटियानी, मंजीत सिंह सेठी, चंद्रशेखर पांडे, पंकज बोहरा, शंकर भुटियानी, अशोक कपूर आदि रहे।
