किच्छा: पति ही निकला नवविवाहिता का कातिल, प्रेम प्रसंग के शक में चाकू मारकर की थी हत्या
किच्छा, अमृत विचार। दो दिन पहले पुलभट्टा थाना अंतर्गत सिरौली कला में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी शक के चलते आरोपी पति ने अपनी …
किच्छा, अमृत विचार। दो दिन पहले पुलभट्टा थाना अंतर्गत सिरौली कला में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में हुई मौत का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति को शक था कि उसकी पत्नी का किसी अन्य युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी शक के चलते आरोपी पति ने अपनी पत्नी की चाकू से हत्या कर दी और पूरे घटनाक्रम को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू तथा घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी विद्या दत्त जोशी ने बताया कि गत 23 मई की रात किसी व्यक्ति द्वारा फोन पर जानकारी दी गई कि सिरौली कला में पति पत्नी के बीच मारपीट तथा विवाद हो रहा है। घटना की सूचना पर जब थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब 22 वर्षीय नवविवाहिता नेहा बी अपने घर में मृत अवस्था में पड़ी हुई थी और उसके गले पर धारदार हथियार से जख्म के गहरे निशान थे। पुलिस ने नेहा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटना की जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी जोशी ने बताया कि पूछताछ के दौरान नेहा के पति अबरार ने पुलिस को गुमराह करने का काफी प्रयास किया। अबरार ने बताया कि उसकी पत्नी नेहा ने खुद पर चाकू से हमला कर आत्महत्या कर ली है। नेहा की मौत की सूचना पर ग्राम बिहारीपुर, थाना देवरनिया, जिला बरेली निवासी नेहा के पिता नबी अहमद सहित तमाम परिजन भी किच्छा पहुंच गए। मृतका के पिता नबी अहमद ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ससुरालियों द्वारा लगातार दो लाख नगद एवं स्विफ्ट कार के लिए नेहा को प्रताड़ित किया जा रहा था।
उन्होंने पति अबरार अहमद, ससुर मोहम्मद अहमद, सास गुड़िया, मौलाना शफीक, अजाउल एवं एहसान पर एक राय होकर दहेज की खातिर नेहा की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को लिखित शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी जोशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया पूरा मामला हत्या का प्रतीक हो रहा था क्योंकि नेहा के शरीर पर मिले जख्म काफी गहरे थे जिसे किसी महिला द्वारा स्वयं किया जाना असंभव प्रतीत हो रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर बुधवार की देर शाम हत्यारोपी पति अबरार अहमद को ग्राम शंकर फार्म के निकट से गिरफ्तार कर लिया और आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू तथा खून लगे कपड़े बरामद कर कब्जे में ले लिए।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपी अबरार ने बताया कि करीब 6 माह पूर्व हुई शादी के बाद से पति पत्नी के बीच लगातार विवाद चल रहा था। उसे शक था कि उसकी पत्नी नेहा का किसी अन्य युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। थाना प्रभारी जोशी ने बताया कि प्रेम प्रसंग के इसी शक के चलते आरोपी अबरार ने अपनी पत्नी नेहा की चाकू से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी और पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया।
थाना प्रभारी जोशी ने बताया कि फिलहाल आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपी को पकड़ने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी विद्यादत्त जोशी, उप निरीक्षक दिनेश चंद्र भट्ट, उपनिरीक्षक कीर्ति भट्ट, कांस्टेबल धर्मवीर सिंह, कांस्टेबल महेंद्र सिंह, कांस्टेबल दीपक सिंह, कांस्टेबल विजय पाल सिंह आदि शामिल रहे।
