रामपुर : मैं किला हूं… सुनो- हुक्मरान, लौटा दो मेरी पुरानी शान

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रामपुर, अमृत विचार। रियासत की ऐतिहासिक निशानी रामपुर के किला की दीवारें चीख-चीख कर कह रही हैं हुक्मरानो मेरी पुरानी शान को लौटा दो..। मेरे वैभव पर खतरा मंडरा रहा है, अतिक्रमण रूपी इस खतरे को हटा तो, मेरी दीवारों पर इंडो-यूरोपियान वास्तुशिल्प से जड़ी नक्काशी को शैतानों ने कुरेद डाला है। चमकीले पत्थर और …

रामपुर, अमृत विचार। रियासत की ऐतिहासिक निशानी रामपुर के किला की दीवारें चीख-चीख कर कह रही हैं हुक्मरानो मेरी पुरानी शान को लौटा दो..। मेरे वैभव पर खतरा मंडरा रहा है, अतिक्रमण रूपी इस खतरे को हटा तो, मेरी दीवारों पर इंडो-यूरोपियान वास्तुशिल्प से जड़ी नक्काशी को शैतानों ने कुरेद डाला है। चमकीले पत्थर और कांच के साथ लोहे को निकाल डाला है। किले को अतिक्रमण में जकड़ा हुआ देखने पर कुछ ऐसी ही सिसकती आवाज होने का आभास सा दिखाई देता है। लेकिन फिर भी रामपुर रियासत के विलय के दस्तावेज में सरकार के सुपुर्द किए गए इस किले पर हुए अतिक्रमण को प्रशासन मूकदर्शक की तरह देख रहा है। थोड़ा पत्राचार करने की जरूरत है, किला पुरातत्व विभाग के अंडर में चला गया तो पुराना वैभव लौट आएगा, शहर के लिए खूबसूरती का एक नायाब तोहफा मिल जाएगा।

हैरत की बात है कि जिम्मेदार ही किले की दास्तान नहीं सुन रहे हैं। किले की हालत दिनों-दिन खराब होती जा रही है। अतिक्रमणकारियों ने किले के भीतर और बाहर उसकी खूबसूरती में दाग लगा दिए हैं। एलआईयू दफ्तर के सामने अतिक्रमण कर कारें खड़ी करने के लिए नवनिर्माण करा लिया गया और प्रशासन देखता रह गया। इंडो-यूरोपियन वास्तुशिल्प की इमारतों पर हर तरफ जख्म दिए जा रहे हैं। किले के चारों ओर हुए अतिक्रमण ने उसकी खूबसूरती को दागदार बना दिया है। किले की स्थिति दिनों-दिन खराब होती जा रही है।

किले में लगातार लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। जगह-जगह कब्जे कर निर्माण किए जा रहे हैं। एलआईयू कार्यालय के समक्ष एक सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य ने जगह पर कब्जाकर कारे खड़ी करने के लिए गैरेज बना लिया है। उससे कुछ ही दूरी पर पुलिस क्लब के सामने एक रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर ने जगह पर कब्जा करके आवास बना लिया है। सूत्र बताते हैं कि जगह को एक संस्था के नाम पर एलाट कराया गया और इसके बाद गुइया तालाब की ओर खुलने वाले गेट की बराबर इमारत बनाकर खड़ी कर ली।

सूत्र बताते हैं कि सेवानिर्वत्त इंस्पेक्टर ने कुछ फूलों के पौधे लगाए और उस जगह भी कब्जा कर निर्माण करा लिया और अब उससे आगे भी पेड़-पौधे लगा दिए गए हैं। इसी प्रकार किले गेटों पर भी लोगों ने अवैध कब्जे कर लिए हैं। किले की दीवारों और इमारतों को जगह-जगह से कब्जे किए जा रहे हैं। लेकिन, प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है जबकि, किले में कई विभागों के कार्यालय हैं लेकिन, कार्यालयों के विभागाध्यक्षों द्वारा भी इमारतों की मरम्मत नहीं कराई जाती है। जिसके कारण किले की हालत दिनों-दिन खराब होती जा रही है यदि तमाम विभागों द्वारा कार्यालयों की इमारतों की मरम्मत कराई जाए तो काफी हद तक किले की हालत में सुधार हो सकती है। लोगों का कहना है कि किले की इमारत को पुरातत्व विभाग को सौंपा जाए।

किले की जमीनों पर दिन दहाड़े पड़ रहा है डाका
किले की जमीनों पर दिन-दहाड़े डाका पड़ रहा है, लोग अपनी मर्जी से किले में जहां-तहां कब्जे कर रहे हैं। प्रशासन की अनदेखी के चलते अतिक्रमणकारियों के हौंसले बुलंद हैं। किले के भीतर और बाहर लोग जहां-तहां खुलेआम निर्माण करा रहे हैं। किला स्थित रजा लाइब्रेरी केंद्र सरकार के अधीन है जबकि, बाकी हिस्सा राज्य सरकार के अधीन है। सरकारी इमारतें जर्जर हालत में हैं इमारतों की दशकों से रंगाई पुताई और मरम्मत नहीं कराई गई। राष्ट्रीय धरोहर जगह-जगह सेंधमारी हो रही है और जिम्मेदार कार्रवाई करने से बच रहे हैं। जबकि, किले की खूबसूरती को उसके चारों ओर हो रहा अतिक्रमण दागदार बना रहा है।

किले की दीवार के नीचे है अतिक्रमण
किले की दीवार के चारों ओर अतिक्रमण कर लिया गया है। जिससे किले की खूबसूरती पर दाग लग गया है। किला पूर्वी गेट से गुइया तालाब तक पिछले कुछ सालों में देखते ही देखते लोगों ने फुटपाथ पर कब्जा कर खोखे रखे और अब पक्की दुकानें बना ली गई हैं। पिछले दिनों पालिका की टीम किले की दीवार के नीचे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए पहुंची थी लेकिन, व्यापार मंडल के नेताओं ने अभियान को शुरू होने से पहले ही खत्म करा दिया। इसके अलावा सराफा बाजार, बर्तन बाजार, पान दरीबा, पुरानी तहसील के सामने अतिक्रमण है।

बोले लोग-
किले की इंडो-यूरोपियन शैली की बनावट अपनी ओर आकर्षित करती है। इनको देखने के लिए देश-दुनिया से लोग आते हैं इसलिए किले का शानदार तरीके से रख-रखाव होना चाहिए।-डा. कामिल हाशमी

किले को अतिक्रमण मुक्त होना चाहिए ताकि, किले की खूबसूरती देखने आने वालों को अच्छी लगे। किले की पश्चिमी गेट से सराफा बाजार की ओर किले की दीवार के नीचे नगर पालिका परिषद द्वारा बनवाई गई दुकानों को ध्वस्त कराया जाए।-डा. इशरत अली

रजा लाइब्रेरी से देश-दुनिया में भारत की पहचान है रजा लाइब्रेरी में दुनिया भर से लोग ज्ञान अर्जित करने के लिए आते हैं। गंदगी देखकर वह क्या सोचकर अपने देश लौटते होंगे। किले के भीतर से तमाम गंदगी दूर होना चाहिए।-डा. योगेश चंद्र

किले में कई सरकारी विभागों के कार्यालय हैं। सरकारी कार्यालयों को उपयोग तो किया जा रहा है लेकिन, कभी किसी अधिकारी ने इमारतों पर रंग-रौगन नहीं कराया है। इमारतें दरकती जा रही हैं छतों पर पेड़ पौधे उग आए हैं उन्हें साफ कराया जाए।-डा. कासिम

ये भी पढ़ें : रामपुर: शत्रु संपत्ति संबंधित अभिलेख खंगालकर दिल्ली लौटी कस्टोडियन टीम

संबंधित समाचार