रुद्रपुर: तराई में भी सक्रिय हैं लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की उत्तराखंड के साथ ऊधमसिंह नगर में भी अपनी धमक दिखाई दी है। डेढ़ साल पहले गल्ला मंडी में टायर व्यवसायी पर ताबाड़तोड़ फायरिंग कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में लॉरेंस विश्नोई का नाम लिखा गया था। बाद में जब पुलिस ने इस मामले का …

रुद्रपुर, अमृत विचार। लॉरेंस बिश्नोई गैंग की उत्तराखंड के साथ ऊधमसिंह नगर में भी अपनी धमक दिखाई दी है। डेढ़ साल पहले गल्ला मंडी में टायर व्यवसायी पर ताबाड़तोड़ फायरिंग कर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में लॉरेंस विश्नोई का नाम लिखा गया था। बाद में जब पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया तो मामला ब्याज के रुपयों को लेकर लेनदेन था। इतना जरूर है कि इनमें से एक आरोपी जेल में बंद रहने के दौरान विश्नोई के गुर्गों के संपर्क में आया था।

29 दिसंबर 2020 को फाजलपुर महरौला निवासी निर्मनजीत सिंह विर्क की गल्ला मंडी स्थित गुरुनानक टायर्स की दुकान पर दो लड़कों ने उसके बारे में जानकारी पूछते हुए ताबड़तोड़ पांच-छह राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। उसके कुछ देर बाद उसके फोन पर व्हाटसएप कॉल कर कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेते हुए एक करोड़ रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद हरकत में आई पुलिस ने दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज मामले की जांच शुरू कर दी थी।

मामले में रुद्रपुर के अर्जुनपुर निवासी जसवीर सिंह उर्फ जस्सी और घास मंडी निवासी गौरव उर्फ गोलू, बहेड़ी, यूपी निवासी सहजदीप उर्फ गुल्लू और मनप्रीत उर्फ गोपी के नाम सामने आये थे। जिन्होंने ब्याज के रुपये के लेनदेन को लेकर उस पर फायरिंग करते हुए लॉरेंस बिश्नोई गैग का नाम लिया था। पुलिस की छानबीन में सहजदीप के संपर्क लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गों से होने की भी जानकारी सामने आई थी। जिसके लिए पुलिस ने राजस्थान की जयपुर जेल में भी पूछताछ की थी।

तब पुलिस ने काफी जांच पड़ताल की थी तो यह बात सामने आई है कि बाजपुर, सितारगंज व उत्तर प्रदेश के बिलासपुर के कई युवाओं के संपर्क लॉरेंस विश्नोई के गुर्गों से हैं लेकिन तराई में इनकी सक्रियता नजर नहीं आई। अब पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद दून में गुर्गों के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने तराई में भी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। खुफिया एजेंसियां ऐसे सभी युवाओं का सिजरा एकत्रित कर रही हैं जो आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनका आना जाना पंजाब व राजस्थान में लगा रहता है।

संबंधित समाचार