हल्द्वानी: नगर निगम ने बंद कर दिया अतिक्रमण के खिलाफ अभियान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम ने इन दिनों अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान बंद कर दिया है। नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण पर कुछ बड़ी कार्रवाई करने के बाद अब फाइलों को बंद कर दिया है। नगर निगम प्रशासन की ओर से मई में घोषणा की गई थी कि कालूसिद्ध मंदिर से …

हल्द्वानी, अमृत विचार। नगर निगम ने इन दिनों अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान बंद कर दिया है। नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण पर कुछ बड़ी कार्रवाई करने के बाद अब फाइलों को बंद कर दिया है।

नगर निगम प्रशासन की ओर से मई में घोषणा की गई थी कि कालूसिद्ध मंदिर से मुखानी चौराहे तक और लाइन नंबर एक से आठ तक अतिक्रमण हटाया जायेगा। अतिक्रमण हटाने की तिथि दो बार बदली गई। हालांकि बाद में अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई ठंडे बस्ते में डाल दी गई। जबकि शहर में जब अतिक्रमण हटाने की शुरुआत हुई थी तब नगर निगम की ओर से घोषणा की गई थी कि अतिक्रमण पूरे शहर में हटाया जायेगा। अभियान की शुरुआत में मछली बाजार, मंगलपड़ाव, वर्कशॉप लाइन, टीपी नगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई थी। इनमें टीपी नगर और मछली बाजार में की गई कार्रवाई काफी चर्चाओं में थी। हालांकि अब नगर निगम अतिक्रमण को लेकर दिखावटी तौर पर कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों के पास अतिक्रमण हटाने का अब समय भी नहीं है।

आलोचनाओं के बाद पीछे हटे कदम
हल्द्वानी। नगर निगम ने शहर में जब अतिक्रमण हटाने की शुरुआत की थी तब उसने ठेले और फड़ वालों को हटाने का शुरू किया था। हालांकि बाद में बड़े दुकानदारों पर भी कार्रवाई की गई। अतिक्रमण की कार्रवाई को लेकर मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला की आलोचनायें भी हुई थीं। माना जा रहा है कि इस वजह से अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई बंद हो गई है।

पॉलीथीन के खिलाफ अभियान भी ठंडे बस्ते में
हल्द्वानी। नगर निगम प्रशासन ने पॉलीथीन के खिलाफ भी अभियान चलाया था। कुछ जगहों पर छापेमारी करने के बाद यह अभियान भी बंद कर दिया गया। अब शहर में खुलेआम पॉलीथीन का इस्तेमाल हो रहा है। नगर निगम प्रशासन पूरी तरह से बेपरवाह बना हुआ है।

नगर निगम अभी भी अभियान चला रहा है। अतिक्रमण के खिलाफ फिर से तेजी लाई जायेगी। अतिक्रमणकारियों पर बड़ी कार्रवाई की जायेगी।

-गौरव भसीन, सहायक नगर आयुक्त, हल्द्वानी

संबंधित समाचार